आमेट। RTE भुगतान समेत निजी विद्यालयों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर निजी विद्यालय संगठन राजसमन्द ने सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी प्रारम्भिक एवं माध्यमिक शिक्षा कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान के आह्वान पर आयोजित धरने में जिलेभर से निजी विद्यालय संचालक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

धरना सुबह 10 बजे शुरू हुआ। इसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जवान सिंह देवड़ा और जिला संयोजक शिव प्रसाद सनाढ्य ने की। धरने के बाद संगठन की ओर से प्रमुख शासन सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसमें निजी विद्यालयों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।

संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान और सरकार के बीच हुई समझौता वार्ता में निजी विद्यालयों के RTE के अब तक के बकाया भुगतान को अगस्त माह तक किए जाने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद कई विद्यालयों का RTE भुगतान अभी भी लंबित है। इससे निजी विद्यालय संचालकों में रोष है। संगठन ने सरकार से समझौता वार्ता में किए गए वादों को लागू करते हुए सभी लंबित भुगतानों का तत्काल निस्तारण करने की मांग की।

ज्ञापन में RTE का अब तक का समस्त बकाया भुगतान तत्काल करने, प्री-प्राइमरी कक्षाओं का भुगतान करने, पोर्टल शुल्क 1000 रुपए समाप्त करने, कक्षा 5 के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों से संबंधित शुल्क समाप्त करने और मान्यता के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। इसके अलावा निजी विद्यालयों से संबंधित अन्य लंबित समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।

संगठन ने सरकार को समस्याओं के समाधान के लिए 10 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया है। पदाधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में RTE का समस्त बकाया भुगतान नहीं किया गया और निजी विद्यालयों की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और तेज किया जाएगा।

संगठन ने चेतावनी दी कि 12 अक्टूबर 2026 से जयपुर के शहीद स्मारक पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। पदाधिकारियों के अनुसार निजी विद्यालय संचालक लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार के समक्ष मांगें रखते आ रहे हैं। सरकार और संगठन के बीच हुई वार्ता में बनी सहमति के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा।

धरने में संरक्षक हंसराज गिरी गोस्वामी, देवेन्द्र सिंह भीम, भंवरलाल कुमावत, संगठन मंत्री शिवशंकर पुर्बिया, जिला सचिव डॉ. गिरिश पालीवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ईश्वर लाल वर्मा, मीडिया प्रभारी बाबूलाल कीर, भीम ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार, देवगढ़ ब्लॉक प्रभारी गजेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. किरण कुमार गन्ना, खमनोर ब्लॉक अध्यक्ष चम्पालाल गाडरी, देलवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष चतर सिंह चौहान और राजसमन्द ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा सुरेन्द्र पुर्बिया, जुगल किशोर आमेट, कमलेश कुमावत, महेश कुमार सोलंकी कुम्भलगढ़, गोकुल सिंहजी भीम, विधिक सलाहकार यशवंत त्रिपाठी, जयंत कुमार जोशी, राजेन्द्र सिंह चुण्डावत, उदयलाल टांक, बाबूलाल कुमावत, गिरिश श्रीमाली, नरेन्द्र सिंह झाला, दिलीप जोशी, देवेन्द्र गर्ग, महेश आचार्य और मदन सिंह झाला सहित संगठन से जुड़े निजी विद्यालय संचालक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story