राजसमंद में निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान की महत्वपूर्ण बैठक 16 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे दत्तात्रेय कॉलेज में आयोजित होगी। बैठक में 8 अगस्त को सरकार के साथ हुई वार्ता एवं समझौते की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद निजी विद्यालयों की शेष मांगों और आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी।

समिति के अनुसार, सरकार के साथ दो दौर में करीब चार घंटे चली लंबी वार्ता के बाद निजी विद्यालयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी थी। समझौते के बाद 10 अगस्त को एक लाख की संख्या में प्रस्तावित सचिवालय घेराव को 15 दिनों के लिए स्थगित किया गया था।

समझौते में प्रमुख रूप से राज शाला संबलन की जांच नवंबर तक रोकने, संगठनों को विश्वास में लेकर आवश्यक संशोधन के बाद इसकी जांच वर्ष में एक बार करवाने, पुराने विद्यालयों पर मान्यता के पुराने नियम लागू रखने, अग्निशमन नियमों में आवश्यक छूट, पंजीकृत किरायानामे से संबंधित नियमों में राहत तथा अब तक के आरटीई पुनर्भरण के बकाया भुगतान को अगस्त माह में पूरा करने सहित कई मुद्दों पर सहमति बनी थी।

बैठक में यह भी समीक्षा की जाएगी कि सरकार के साथ हुए समझौते पर अब तक कितना अमल हुआ है और शेष मांगों को लेकर आगे किस प्रकार की रणनीति अपनाई जाए। इसी समीक्षा के आधार पर 15 दिन की स्थगित अवधि के बाद आंदोलन को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।

सरकार की ओर से हुई वार्ता में शिक्षा सचिव डॉ. राजेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे। वहीं निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान की ओर से प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

वार्ता में B.L. रणवां (सीकर), C.L. रोज (जयपुर सेवा), बी.आर. भूकर (जयपुर ग्रामीण), गोविन्द राम शेषमा (कुचामन-डीडवाना), हरिश तिवारी (बूंदी), कुलदीप सिंह राठौड़ (ब्यावर), भरत भाटी (ब्यावर), शिव प्रसाद सनाढ्य (राजसमंद), शंकर लाल यादव (जयपुर ग्रामीण), लोकेश सुखवाल (बूंदी), महेश शर्मा (जयपुर स्कूल प्रोग्रेसिव), उदयलाल टांक (राजसमंद), जितेन्द्र अरोड़ा (ब्यावर), राजेश शर्मा (ब्यावर), ओमराम रणवां (ब्यावर), हंसराज गिरी गोस्वामी, डॉ. गिरिश पालीवाल, दिलीप जोशी, भरत कुमावत, शिवशंकर पुर्बिया, कैलाश शर्मा, सुरेन्द्र पुर्बिया सहित प्रदेश के 16 संगठनों के प्रतिनिधि एवं सहयोगी शामिल रहे।

समिति ने संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर सरकार के साथ हुए समझौते की समीक्षा करने और निजी विद्यालयों के हित में आगामी संघर्ष की दिशा तय करने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। बैठक के निर्णय से 15 दिनों के लिए स्थगित आंदोलन के बाद की रणनीति की दिशा तय होगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story