राजसमन्द: निजी स्कूलों की जिला स्तरीय संगीत और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
शिक्षाकुल सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 67 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित।

राजसमन्द। जिले के निजी शिक्षण संस्थानों के पंजीकृत संगठन शिक्षाकुल सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय एकल संगीत एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा निखर कर सामने आई। दी स्मार्ट स्टडी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी कर अपनी कला का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में 35 तथा एकल संगीत प्रतियोगिता में 32 प्रतिभागियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जहां दोनों ही विधाएं प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तरों पर पृथक-पृथक आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के निर्णायक चरण में डॉ. पारूल जोशी ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में यक्षप्रिया पालीवाल ने प्रथम, यशोधरा कंवर ने द्वितीय तथा विराट जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक वर्ग में मनीषा चौहान प्रथम, ईशांत कुमार द्वितीय एवं कीर्ति पालीवाल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, उच्च माध्यमिक वर्ग में तनीश माहेश्वरी ने बाजी मारी, जबकि पूर्वा पुरोहित और साक्षी सनाढ्य क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। एकल संगीत प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में रूद्रादित्य पालीवाल प्रथम, आकिब खान द्वितीय एवं चेष्टा खींची तृतीय स्थान पर रहे। उच्च प्राथमिक वर्ग में दीक्षित मेघवाल ने प्रथम, छवि शर्मा ने द्वितीय तथा खनिक शर्मा ने तृतीय स्थान अर्जित किया। उच्च माध्यमिक वर्ग में मोनिका डांगी प्रथम, कन्हैया वैरागी द्वितीय एवं उमेश पुरोहित तृतीय स्थान पर विजयी रहे।
समारोह के समापन पर शिक्षाकुल सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने सभी विजेताओं को पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया, साथ ही समस्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। संगीत प्रतियोगिता के दौरान बाल संगायकों ने राष्ट्रभक्ति गीतों की प्रस्तुति से वातावरण को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। चित्रकला के विषयों में प्राथमिक वर्ग के लिए इन्द्रधनुष, पेड़ और तिरंगा, उच्च प्राथमिक के लिए पर्यावरण तथा माध्यमिक वर्ग हेतु नशा-युद्ध जैसे समसामयिक विषयों को चुना गया, जिस पर विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्र उकेरे। शिक्षाकुल सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष राजदीप भाटिया ने आयोजन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजसमंद जिले के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पहली बार आयोजित हुई हैं, जिससे निजी शिक्षण संस्थानों के मध्य आपसी सद्भाव, प्रेम भाव और सहयोग की भावना सुदृढ़ होगी।

