निजी विद्यालय संगठन ने विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ को सौंपा ज्ञापन
राजसमंद के निजी विद्यालयों ने आरटीई भुगतान और 181 हेल्पलाइन के दुरुपयोग सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु विधायक से हस्तक्षेप की मांग की।

उदयपुर में विधायक महाराणा विश्वराज सिंह जी मेवाड़ (मध्य) को ज्ञापन सौंपते निजी विद्यालय संगठन राजसमंद के पदाधिकारी लाल सिंह झाला, जवान सिंह देवड़ा, डॉ. गिरीश पालीवाल व अन्य।
निजी विद्यालय संगठन, जिला राजसमंद के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज दिनांक 07/05/2026 को उदयपुर के सामौर बाग स्थित निवास पर नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय महाराणा विश्वराज सिंह जी मेवाड़ से भेंट कर निजी शिक्षण संस्थानों और शिक्षकों के समक्ष उत्पन्न गंभीर समस्याओं एवं नीतिगत विसंगतियों के निराकरण हेतु एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक महोदय को अवगत कराया कि वर्तमान में निजी शिक्षण संस्थान अनेक व्यावहारिक एवं आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ज्ञापन में शिक्षा का अधिकार (RTE) के अंतर्गत विद्यालयों के लंबित क्लेम बिलों के तत्काल भुगतान की मांग की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि माननीय राजस्थान उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद प्री-प्राइमरी कक्षाओं के भुगतान पर विभाग द्वारा निर्णय नहीं लिया गया है, जो गंभीर विसंगति है और शीघ्र समाधान आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त बढ़ती महंगाई को देखते हुए RTE यूनिट कॉस्ट बढ़ाने तथा भविष्य के लिए पारदर्शी एवं समयबद्ध भुगतान व्यवस्था लागू करने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने ‘181’ हेल्पलाइन के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि फीस संबंधी मामलों में बिना विद्यालय प्रबंधन से चर्चा किए सीधे शिकायतें दर्ज की जाती हैं, जिससे विद्यालयों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही यह भी आग्रह किया गया कि विभाग विद्यालय का पक्ष सुने बिना सीधे टीसी जारी करने के आदेश न दे।
ज्ञापन में जिला एवं राज्य स्तरीय खेल आयोजनों की देय राशि के लंबे समय से लंबित भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, जबकि खेल शुल्क अनिवार्य रूप से विद्यालयों से लिया जा रहा है। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षा शुल्क, खेल गतिविधियों तथा सरकारी सुविधाओं जैसे यूनिफॉर्म एवं साइकिल वितरण में निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ हो रहे भेदभाव को समाप्त कर उन्हें समान रूप से सहभागी बनाए जाने की मांग की गई।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जिला संयोजक एवं संरक्षक मंडल सदस्य लाल सिंह झाला, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष जवान सिंह देवड़ा, जिला सचिव डॉ. गिरीश पालीवाल, देलवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष चतर सिंह चौहान, दिलीप जोशी, शकील मोहम्मद, नरेन्द्र सिंह झाला एवं अभिषेक पालीवाल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक महाराणा विश्वराज सिंह जी मेवाड़ ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को धैर्यपूर्वक सुना और समस्याओं के समाधान हेतु माननीय शिक्षा मंत्री एवं राज्य सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी करने का आश्वासन दिया। यह भेंट निजी विद्यालयों से जुड़े मुद्दों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
