राजसमंद जिले में राजनगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26 किलो 986 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर नकली घी बनाने की फैक्ट्री संचालित होने का भी खुलासा हुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से 351 किलो संदिग्ध देसी घी, 88 किलो वनस्पति घी और 148 किलो सोयाबीन तेल जब्त किया। इसके साथ ही प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम से पैकिंग करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और मशीनें भी बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ और उनकी बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमंत कलाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में राजनगर थाना अधिकारी ओंकार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव डिप्टीखेड़ा में कार्रवाई की।

इस दौरान पुलिस ने डिप्टीखेड़ा, मुंडोल, थाना राजनगर निवासी कालूलाल गुर्जर के निवास से 26 किलो 986 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण संख्या 260/26 दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान कुंवारिया थाना पुलिस के निरीक्षक पूरण सिंह राजपुरोहित कर रहे हैं।

डोडा चूरा बरामदगी की कार्रवाई के दौरान पुलिस को आरोपी के घर पर नकली घी बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद फूड इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच एवं जब्ती की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान कुल 351 किलो संदिग्ध देसी घी बरामद किया गया। इसमें नोवा ब्रांड का 39 किलो, सरस ब्रांड का 239 किलो और कृष्णा ब्रांड का 73 किलो घी शामिल है। इसके अतिरिक्त मौके से 88 किलो वनस्पति घी और 148 किलो सोयाबीन तेल भी जब्त किया गया। बरामद सामग्री का इस्तेमाल प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम पर घी तैयार करने और उसकी पैकिंग में किए जाने की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने आगे की जांच शुरू की।

मौके से घी में सुगंध मिलाने के लिए इस्तेमाल होने वाला एसेंस, विभिन्न प्रतिष्ठित ब्रांडों की सील, रैपर, टिन, तेल के डिब्बे, खाली टिन, कंपनियों के प्रिंटेड कार्टून, गत्ते और पैकिंग मशीनें भी जब्त की गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए एफएसएल भेजने की प्रक्रिया की है। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

राजनगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ खाद्य पदार्थों में कथित मिलावट और प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम पर घी की पैकिंग किए जाने का मामला भी सामने आया है। अब जांच रिपोर्ट से बरामद घी और अन्य सामग्री की गुणवत्ता स्पष्ट होगी। साथ ही जांच के दौरान यह भी सामने आएगा कि कथित नकली घी का कारोबार कितने समय से संचालित हो रहा था।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story