राजसमंद। जिले में अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध संचालित सख्त अभियान के तहत राजसमंद पुलिस ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के कुशल नेतृत्व में "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के अंतर्गत की गई इस बड़ी कार्रवाई ने अंतरराज्यीय तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।

बीती रात थाना श्रीनाथजी मंदिर और नाथद्वारा पुलिस की संयुक्त टीम कोठारिया क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी एक संदिग्ध कार पुलिस की नजर में आई। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर तस्कर ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। फिल्मी अंदाज में हुए इस पीछा करने के दौरान आरोपी की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस स्थिति का लाभ उठाते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाई और घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।

वाहन की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को 17 कट्टों में भरा हुआ कुल 326 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके अतिरिक्त कार से एक अवैध पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी में प्रयुक्त वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी और शुरुआती तफ्तीश के अनुसार उक्त कार चोरी की निकली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिरधारी गोदारा निवासी बायतु, बाड़मेर के रूप में हुई है, जिसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस संपूर्ण ऑपरेशन का सफल संचालन पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के दिशा-निर्देशन में किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिख और पुलिस उप अधीक्षक शिप्रा राजावत के प्रभावी मार्गदर्शन में टीम ने सटीक रणनीति के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया। विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल की रणनीतिक सोच और सख्त निगरानी ने अपराधियों पर नकेल कसने में अहम भूमिका निभाई है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के माध्यम से राजसमंद पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के खिलाफ आक्रामक रुख जारी रहेगा।

इस साहसिक ऑपरेशन में थानाधिकारी विक्रम सिंह, कमलेन्द्र सिंह एवं समस्त टीम की सक्रियता सराहनीय रही। वर्तमान में पुलिस इस मामले के तार बड़े तस्करी नेटवर्क से जोड़कर गहनता से अनुसंधान कर रही है, जिससे भविष्य में अन्य बड़े खुलासों की प्रबल संभावना बनी हुई है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story