राजसमंद: 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत 71 लाख का अवैध डोडा पोस्त जब्त
पुलिस ने केलवाड़ा में नाकेबंदी के दौरान स्कॉर्पियो से 471 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया; एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

राजसमंद जिले के केलवाड़ा में 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत अवैध डोडा पोस्त जब्त करने के बाद वाहन की जांच करती पुलिस टीम।
राजसमंद जिले में पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के नेतृत्व में अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार चल रही सख्त कार्रवाई का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। जिले में रात्रि गश्त मजबूत करने और अपराधियों पर सख्ती बरतने के निर्देशों के बीच राजसमंद पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 71 लाख रुपये कीमत का 471.84 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो क्लासिक वाहन को भी जब्त किया गया।
उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार पारीक एवं वृत्ताधिकारी श्यामसिंह रत्नू के निर्देशन में की गई। केलवाड़ा थाना पुलिस ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली, जिसमें 25 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
कार्रवाई थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अंजाम दी गई। बरामद अवैध डोडा पोस्त का कुल वजन 471.84 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 71 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना केलवाड़ा पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले का अनुसंधान कांकरोली थानाधिकारी सरोज बैरवा द्वारा किया जा रहा है।
जिले में लगातार मॉनिटरिंग, सख्त निर्देश और सक्रिय पुलिसिंग के चलते नशा तस्करों के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई हो रही है। राजसमंद पुलिस की इस कार्रवाई से जहां आमजन में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों और नशा तस्करों में पुलिस का खौफ भी बढ़ा है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशे के नेटवर्क पर प्रहार करने को लेकर राजसमंद पुलिस की कार्यशैली की आमजन सराहना कर रहे हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
