राजसमंद। जिले के केलवा थाना क्षेत्र में लंबे समय से प्राकृतिक संपदा का दोहन कर रहे खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने अब निर्णायक जंग छेड़ दी है। गोमती नदी के पेटे में बेखौफ चल रहे अवैध बजरी खनन के काले कारोबार पर पुलिस ने बड़ी स्ट्राइक करते हुए न केवल मशीनों के शोर को शांत किया, बल्कि मौके से अवैध परिवहन में लिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से समूचे क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के सख्त तेवरों के बाद अवैध गतिविधियों के खिलाफ शुरू हुए इस अभियान की कमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिक एवं वृत्ताधिकारी कुम्भलगढ़ ज्ञानेन्द्र सिंह ने संभाली। इन्हीं के कुशल मार्गदर्शन में केलवा थाना अधिकारी सुबोध कुमार जागीड़ ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम को सूचना मिली थी कि गोमती नदी के विभिन्न हिस्सों में रात-दिन जेसीबी और ट्रैक्टरों के जरिए नदी का सीना छलनी किया जा रहा है। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने पूरी योजना के साथ गोमती नदी के पेटे में दबिश दी, जहाँ से अवैध बजरी का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ा गया।

मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 36 वर्षीय भैरूलाल पुत्र नारायणलाल भील निवासी पछमता (रेलमगरा) तथा 21 वर्षीय प्रकाश पुत्र पप्पूलाल गमेती निवासी सघाना नाकली (कांकरोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों के विरुद्ध अवैध खनन एवं परिवहन की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों की तलाश की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि पसुंद के काली मंगरी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में अवैध खनन का यह कारोबार नासूर बनता जा रहा था। भारी भरकम डंपरों और जेसीबी मशीनों के माध्यम से सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का चूना तो लग ही रहा था, साथ ही पर्यावरण के संतुलन पर भी भारी खतरा मंडरा रहा था। सड़कों पर दौड़ते इन अवैध वाहनों ने आमजन का जीना मुहाल कर रखा था, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता था। पुलिस की इस "खबर का असर" वाली कार्रवाई ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कानून की परिधि से बाहर जाकर प्रकृति का विनाश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story