राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र में रात के समय राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थार गाड़ी में सवार होकर वारदात करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने एक युवक को रास्ते में रोककर देसी कट्टा दिखाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर नकदी, आईफोन तथा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 74,700 रुपए लूट लिए थे। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृत्ताधिकारी कुंभलगढ़ जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में आमेट थानाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार, आमेट निवासी परिवादी जगदीश तेली ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 सितंबर 2026 की रात करीब 12:45 बजे वह भीलवाड़ा से मोटरसाइकिल बेचकर केलवा होते हुए आमेट लौट रहा था। इसी दौरान बाड़ा ढलान के पास काले रंग की थार गाड़ी में सवार पांच लोगों ने उसे रुकवाया और देवगढ़ जाने का रास्ता पूछा। इसके बाद करीब एक किलोमीटर आगे थार सवारों ने उसकी मोटरसाइकिल के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक दिया।

गाड़ी से चार युवक नीचे उतरे और देसी कट्टा दिखाकर उसे धमकाया। इसके बाद आरोपी जबरन उसे थार में बैठाकर ले गए। उन्होंने जगदीश की जेब में रखे करीब 30 हजार रुपए नकद और आईफोन-14 छीन लिया। इसके बाद उसके मोबाइल से फोन-पे के जरिए 24,700 रुपए ट्रांसफर करवाए। आरोपियों ने केलवा बस स्टैंड स्थित एसबीआई एटीएम के पास मोबाइल के माध्यम से दो यूपीआई ट्रांजेक्शन करवाकर 20 हजार रुपए और अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

इस तरह आरोपियों ने कुल 74,700 रुपए लूटने के बाद परिवादी का मोबाइल छीन लिया और उसे सियाणा बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने प्रकरण संख्या 236/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम ने केलवा, राजसमंद, नाथद्वारा और कुँवारिया थाना क्षेत्रों के आसपास लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जयपुर शहर, फागी, रायला और बनेड़ा से चार मुख्य आरोपियों को डिटेन किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने आमेट की वारदात कबूल करने के साथ अन्य स्थानों पर भी लूट की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में गिरोह की तीन अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि 19 सितंबर 2026 को कुँवारिया टोल के पास सुनसान रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर की मोटरसाइकिल रुकवाकर उसका आईफोन-15 लूट लिया था।

इसके बाद 21 सितंबर 2026 को मंडफिया से भदेसर रोड पर रात के समय मोटरसाइकिल से जा रहे एक राहगीर का अपहरण कर उसे डराया-धमकाया और रुपए लूटने का प्रयास किया था। वहीं, 4 अक्टूबर 2026 को केकड़ी थाना क्षेत्र में रात के समय एक बुजुर्ग मोटरसाइकिल चालक को रोककर उसके हाथ से चांदी का कड़ा और कानों में पहनी मुरकियां तोड़कर ले गए थे।

गिरफ्तार आरोपियों में सुरेंद्र सिंह (19) निवासी सावंतगढ़, जिला बूंदी, हाल निवासी सिद्धार्थ नगर, जयपुर, कालू सिंह (21) निवासी चांदमाकला, थाना माधोराजपुरा, जिला जयपुर, शिवराज सिंह (21) निवासी कोटड़ी, थाना बनेड़ा, जिला भीलवाड़ा और भोजराज रेगर (20) निवासी रायला, जिला भीलवाड़ा शामिल हैं।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। फरार पांचवें आरोपी की तलाश के साथ गिरोह की अन्य वारदातों के संबंध में भी अनुसंधान जारी है। कार्रवाई में आमेट थानाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व वाली पुलिस टीम और साइबर सेल के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story