राजसमंद। भीम थाना पुलिस ने स्क्रैप खरीदने के बहाने ट्रक बुलाकर करीब 9 लाख रुपए की डकैती करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों का करीब 1300 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान वारदात में प्रयुक्त टाटा हैरियर वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्क्रैप खरीदने के बहाने ट्रक को भीम क्षेत्र के सुनसान इलाके में बुलाया था। इसके बाद चालक को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी देकर ट्रक से करीब 9 लाख रुपए नकद और मोबाइल फोन लूट लिए गए। मामले में भीम थाने में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृत्ताधिकारी भीम राकेश वर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी भीम दिलीप खदाव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने 300 से 400 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और सूचना तंत्र के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया। इसके बाद राजसमंद, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, अलवर, दौसा, कोटपूतली-बहरोड़ और उदयपुर सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई।

तीन विशेष पुलिस टीमों की संयुक्त कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टाटा हैरियर वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। वहीं, लूटी गई करीब 9 लाख रुपए की राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, राजकार्य में बाधा, चोरी और नकबजनी सहित कई गंभीर प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की रकम के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story