राजसमंद में 'लाला इलेवन गैंग' पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोशल मीडिया पर रखती थी नजर
खमनोर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और अपराध का महिमामंडन करने वाले युवकों के खिलाफ अभियान चलाकर धरपकड़ शुरू की है।

राजसमंद जिले के खमनोर थाना परिसर में पुलिस हिरासत में खड़ा लाला इलेवन गैंग से जुड़ा आरोपी युवक और मुस्तैद पुलिसकर्मी।
राजसमंद जिले के खमनोर क्षेत्र में क्रिकेट टीम के रूप में शुरू हुई “लाला इलेवन गैंग” अब अपराध और आपराधिक गतिविधियों का पर्याय बनती जा रही है। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, हथियारों और अपराधी प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाले पोस्टों के खिलाफ राजसमंद पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। गैंग से जुड़े युवकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है और पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी है।
राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन तथा खमनोर थाना अधिकारी नारायण सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम सोशल मीडिया पर सक्रिय ऐसे युवकों को चिन्हित कर रही है, जो गैंगस्टर स्टाइल, हथियारों और आपराधिक मानसिकता को बढ़ावा देने वाले पोस्ट साझा कर रहे हैं। पुलिस इन युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।
खमनोर थाना पुलिस के अनुसार “लाला इलेवन गैंग” की शुरुआत एक क्रिकेट टीम के रूप में हुई थी, लेकिन समय के साथ इससे जुड़े कुछ युवक आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए। मामला तब और गंभीर हो गया जब चर्चित हिम्मत सिंह हत्याकांड में भी गैंग का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक मृतक हिम्मत सिंह को गैंग से जुड़ा बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं में तेजी से फैल रही गैंग संस्कृति पर रोक लगाने के लिए गैंग से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर अपराध का महिमामंडन करने वाले पोस्ट डालने वालों के खिलाफ भी लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि बनाने, हथियारों का प्रदर्शन करने या गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने से बचें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राजसमंद पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ती गैंग गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
