राजसमंद: 4 हजार की रिश्वत लेते पटवारी राहुल शर्मा गिरफ्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ा भाणुजा पटवार मंडल के पटवारी को जमीन नामांतरण के एवज में रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा, टॉयलेट से बरामद की रकम।

राजस्थान के राजसमंद जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम द्वारा रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद आरोपी पटवारी राहुल शर्मा (लाल घेरे में) अन्य लोगों के साथ।
राजसमंद। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने राजसमंद जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए खमनोर क्षेत्र के बड़ा भाणुजा पटवार मंडल के पटवारी राहुल शर्मा को 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी उदयपुर की इंटेलिजेंस यूनिट ने इस पूरी ट्रेप कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पटवारी राहुल शर्मा ने एक परिवादी से जमीन का नामांतरण खोलने के बदले में शुरुआत में 7 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 5 हजार रुपए में सौदा तय हुआ था। इस तयशुदा राशि में से आरोपी पटवारी 1 हजार रुपए की रिश्वत पहले ही ले चुका था। शेष बची 4 हजार रुपए की राशि आज सुबह जैसे ही आरोपी ने अपने आवास पर ली, वैसे ही पहले से तैयार बैठी एसीबी की टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
एसीबी की टीम को अचानक अपने सामने देखकर आरोपी पटवारी बुरी तरह घबरा गया और उसने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से रिश्वत की रकम को तुरंत टॉयलेट में फेंक दिया। हालांकि, सतर्क ब्यूरो की टीम ने तत्परता दिखाते हुए टॉयलेट से रिश्वत की राशि को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद जब आरोपी पटवारी के हाथ धुलवाए गए, तो पानी का रंग गुलाबी होकर उभर आया, जिसने तकनीकी रूप से रिश्वत लेने की पुष्टि कर दी। फिलहाल एसीबी की टीम द्वारा आरोपी पटवारी के आवास और संबंधित पटवार मंडल में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
