राजसमंद। नगर परिषद की कार्यप्रणाली और खोखले दावों के खिलाफ अब आम जनता का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। वार्ड संख्या 11 स्थित आनंद विहार कॉलोनी और किशोर नगर के निवासियों ने प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य ने नगर परिषद पर बुनियादी सुविधाओं की घोर उपेक्षा करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने तीखा सवाल उठाया है कि जब पिछले पांच वर्षों में प्रशासन जनता को सड़क, नाली और नियमित सफाई जैसी मूलभूत आवश्यकताएं तक मुहैया कराने में पूरी तरह नाकाम रहा है, तो फिर जगह-जगह शिविर और जनसुनवाई आयोजित कर जनसेवा का यह ढोंग और दिखावा क्यों किया जा रहा है।

सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य ने इस प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ नगर परिषद आयुक्त को एक पत्र भेजकर आनंद विहार कॉलोनी के बदतर हालातों को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में लंबे समय से न तो सड़कों का निर्माण हुआ है, न ही जल निकासी के लिए नालियों की कोई व्यवस्था की गई है और न ही नियमित सफाई की जाती है। इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं, लेकिन हर बार प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन मिला और धरातल पर स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है।

इस बुनियादी ढांचे के अभाव का खामियाजा अब स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। नालियां न होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों और खाली पड़े भूखंडों में जमा हो रहा है, जिससे पूरा इलाका मच्छरों की शरणस्थली बन चुका है और क्षेत्र में गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही, पूरी तरह क्षतिग्रस्त और अविकसित हो चुकी सड़कों के कारण महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों सहित आम नागरिकों को हर दिन आवाजाही में भारी दिक्कतों और हादसों के साए में जीना पड़ रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता सीए दिनेश चन्द्र सनाढ्य ने प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि नगर परिषद पांच साल के लंबे कार्यकाल में एक कॉलोनी को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं दे सकी, तो उसके विकास और जनसेवा के तमाम दावे पूरी तरह खोखले साबित होते हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन को केवल औपचारिक कार्यक्रमों, शिविरों के आयोजन और फोटो सेशन की राजनीति को बंद कर अब धरातल पर वास्तविक कार्य करना चाहिए, ताकि पीड़ित और उपेक्षित जनता को इस नारकीय जीवन से जल्द से जल्द राहत मिल सके।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story