राजसमंद: विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने भजन संध्या में की शिरकत, सुरक्षा पर दिया जोर
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने डिप्टी खेड़ा में भजन संध्या में भाग लिया और जन संवाद के दौरान देवरी खेड़ा में चोरी की घटनाओं को लेकर एसपी से सुरक्षा की मांग की।

राजसमंद (प्रातःकाल संवाददाता)। राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने डिप्टी खेड़ा स्थित गाजर माताजी एवं चामुंडा माताजी मंदिर परिसर में आयोजित 'एक शाम मातेश्वरी के नाम' विशाल भजन संध्या एवं मेला कार्यक्रम में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लिया। इस गरिमामय आयोजन के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए मातेश्वरी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भजन संध्या के पश्चात विधायक कार्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं एवं मीडिया से वार्ता करते हुए विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शहजादे भारत विरोधी शक्तियों की कठपुतली बन चुके हैं और विदेशी षड्यंत्रों के प्रभाव में आकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार अभद्र एवं मिथ्या टिप्पणियां कर रहे हैं।
जन संवाद के दौरान विधायक ने स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत व क्षेत्र संबंधी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने ग्राम देवरी खेड़ा में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। इस संदर्भ में उन्होंने ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक से भेंट कर प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की पुरजोर मांग की। यह दौरा न केवल धार्मिक सहभागिता का प्रतीक रहा, बल्कि जन समस्याओं के समाधान और क्षेत्र की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करता है।

