राजसमंद। राजसमंद झील किनारे जंगल में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में राजनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई इस वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात से जुड़े कई वाहन और अन्य सामान भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सैलूस रोड के आगे झील किनारे स्थित जंगल में सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमलावरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के बाद सुरेश की मौत हो गई। इस दौरान उसके साथी सुरेंद्र सिंह राव के साथ भी गंभीर मारपीट की गई थी।

घटना के बाद मृतक के भाई महेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर राजनगर थाने में मामला संख्या 273/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 190 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने राजसमंद, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलशाद शेख, मोहम्मद इकबाल उर्फ ईक्का उर्फ माहिर, हाशिम खान उर्फ मोहिद खान, निखिल जोशी और समीर शेख उर्फ गट्टा को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो कैंपर और स्कूटी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि दो आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।

राजसमंद झील किनारे हुई इस हत्या के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने जांच में अहम प्रगति की है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई में वारदात से जुड़े वाहनों की जब्ती भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story