35वीं जिला स्तरीय कराते प्रतियोगिता में देवडो का गुड़ा स्कूल का दबदबा, 9 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन
राजसमंद की जिला स्तरीय कराते प्रतियोगिता में देवडो का गुड़ा स्कूल के खिलाड़ियों ने कई पदक जीते और राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया।

तस्वीर में राजसमंद में आयोजित कराते प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं और शिक्षक नजर आ रहे हैं।
राजसमंद जिले में आयोजित 35वीं जिला स्तरीय कराते खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवडो का गुड़ा, आमेट के छात्र-छात्राओं ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए। 17/19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 23 सितंबर 2026 से 26 सितंबर 2026 तक लक्ष्मीपत सिंघानिया जेके स्कूल, राजसमंद में आयोजित हुई। प्रतियोगिता में राजसमंद जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक सुरेंद्र कुमार चरनाल ने बताया कि 17 वर्ष छात्र वर्ग में सरवन सिंह ने 40 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान, मंजित सिंह ने 45 किलोग्राम वर्ग में द्वितीय स्थान और उत्तम सिंह ने 50 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में पूजा कंवर ने 48 किलोग्राम वर्ग में द्वितीय स्थान, लक्ष्मी कंवर ने 40 किलोग्राम वर्ग में तृतीय स्थान और कृष्णा कंवर ने 64 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं, 19 वर्ष छात्र वर्ग में बंटु सिंह ने 48 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में संतोष कंवर ने 52 किलोग्राम वर्ग और नव्या कंवर ने 45 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यालय के खिलाड़ियों ने 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की जिले की जनरल चैम्पियनशिप में द्वितीय स्थान प्राप्त कर चैम्पियनशिप अपने नाम की और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया। 17 वर्ष आयु वर्ग में सरवन सिंह, उत्तम सिंह और कृष्णा कंवर तथा 19 वर्ष आयु वर्ग में बंटु सिंह, नव्या कंवर और संतोष कंवर ने राज्य स्तर के लिए अपना स्थान बनाया।
प्रतियोगिता के दौरान छात्रा दल प्रभारी पूजा मीणा और छात्र दल प्रभारी सोहन लाल भील उपस्थित रहे। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुरेन्द्र पाल बुनकर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि विद्यालय के सभी चयनित खिलाड़ी 01 अक्टूबर 2026 से 07 अक्टूबर 2026 तक सादुलशहर, गंगानगर में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की खेल संबंधी आवश्यकताओं के लिए भामाशाह श्री किशन सिंह जी ने खेलकूद सामग्री हेतु 5000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही, गत वर्ष भी गिरवर सिंह जी के अथक प्रयास से सभी ग्रामवासियों ने खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर भाग लेने पर लगभग 12000 रुपए की आर्थिक सहायता दी थी।
इस अवसर पर विद्यालय के कार्मिक अभिमन्यु, सुभाष चन्द्र और प्रधानाचार्य सहित सभी ने भामाशाहों एवं खिलाड़ियों का सम्मान किया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के बाद विद्यालय के चयनित खिलाड़ी अब राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
