राजसमंद में इनकम टैक्स अधिकारी बनकर होटल खरीदने का झांसा, सोने की चेन लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार
राजसमंद में इनकम टैक्स अधिकारी बनकर होटल खरीदने का झांसा देने वाला आरोपी गिरफ्तार हुआ है। 50 हजार नकद और करीब चार तोला सोने की तीन चेन लेकर फरार आरोपी से पुलिस ने माल और वाहन बरामद किया।

तस्वीर में राजनगर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी सफेद शर्ट और जींस में एक कार के सामने तीन पुलिसकर्मियों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।
राजसमंद में इनकम टैक्स अधिकारी बनकर होटल खरीदने का झांसा देकर 50 हजार रुपए नकद और करीब चार तोला सोने की तीन चेन लेकर फरार हुए आरोपी को राजनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 8.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार होटल संचालक ने 24 अगस्त को राजनगर थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि अजित जितेंद्र शाह नाम का व्यक्ति पिछले तीन-चार दिनों से उसके होटल पर आ रहा था। आरोपी ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए होटल खरीदने की इच्छा जताई और उसे लीज पर लेने की बात कही।
24 अगस्त को आरोपी कार लेकर होटल पहुंचा और होटल संचालक को बताया कि उसकी पत्नी और भाभी आने वाली हैं। आरोपी ने उसी दिन मुहूर्त होने और पत्नी का जन्मदिन होने की बात कहते हुए पत्नी को उपहार देने के लिए सोने की चेन खरीदने की बात कही।
इस दौरान आरोपी ने होटल संचालक से 50 हजार रुपए एडवांस के रूप में ले लिए। इसके बाद कांकड़ोली की एक दुकान से करीब चार तोला वजन की तीन सोने की चेन मंगवाई गईं। चेन मिलने के बाद आरोपी उन्हें लेकर बाहर निकला और अपनी कार से फरार हो गया। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद राजनगर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। नाकाबंदी के दौरान तकनीकी सहायता और खेरवाड़ा थाना पुलिस के सहयोग से पुलिस ने करीब चार घंटे में आरोपी अजित शाह को मोथली चौकी क्षेत्र में पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे राजनगर थाने लाकर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार तोला सोने की तीन चेन और 50 हजार रुपए नकद बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य मामलों और वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजित शाह पुत्र जितेंद्र शाह, उम्र 47 वर्ष, निवासी ए-103, सकुन, वंदेमातरम क्रॉस रोड, सरखेज गांधी नगर हाईवे, गोता, थाना सोला, अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब आरोपी से पूछताछ के जरिए उससे जुड़े अन्य मामलों और वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
