रिछेड़-कड़ेचा मार्ग पर एक ही कुएं से दो दिन में दूसरा शव बरामद होने के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

राजसमन्द जिले के चारभूजा थाना सर्कल क्षेत्र में एक बार फिर कुएं से युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। रिछेड़-कड़ेचा की आड़ में, चारभूजा से केलवाड़ा जाने वाले हाईवे के पास स्थित एक कुएं में 4 से 5 दिन पुराना अज्ञात शव मिलने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चारभूजा की मोर्चरी में रखवाया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है तथा पुलिस द्वारा शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

मामले को और अधिक गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसी कुएं से 12 मई 2026 को भी एक युवक का शव बरामद हुआ था। उस मृतक की पहचान रुपनाथ पुत्र मोतीनाथ, जाति नाथ, उम्र 30 वर्ष, निवासी भोपजी का गुड़ा, घाणेराव, पुलिस थाना देसूरी, जिला पाली के रूप में हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया था।

लगातार दूसरी बार उसी कुएं से युवक की लाश मिलने के बाद क्षेत्र में भय और आशंका का माहौल गहरा गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है तथा दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story