राजसमंद: महिला आरक्षण पर कांग्रेस के रुख के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और महिला आरक्षण विधेयक के विरोध पर नाराजगी जताई।

राजसमंद के पुराने बस स्टैंड पर महिला आरक्षण विधेयक के विरोध में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करतीं सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल और भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता।
राजसमंद में 131वें संविधान संशोधन (महिला आरक्षण) को लेकर कांग्रेस व उसके सहयोगी दलों के रुख के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी के अनुसार यह कार्यक्रम राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ एवं भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं व महिलाओं की भागीदारी रही।
प्रदर्शन के दौरान पुराने बस स्टैंड से चौपाटी तक कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं उसके सहयोगी दलों के खिलाफ विरोध स्वरूप नारेबाजी करते हुए ‘शवयात्रा’ निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ अन्याय किया है। चौपाटी पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी का पुतला स्याही पोतकर जूते-चप्पलों से मारते हुए दहन किया और कांग्रेस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जबकि कांग्रेस हमेशा महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर राजनीति करती रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए भाजपा का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने अपने संबोधन में कांग्रेस और उसके गठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि महिला आरक्षण का विरोध कर कांग्रेस ने अपना असली चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
