राजसमंद: डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भाजपा ने स्वच्छता कर्मियों और मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित और जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल की उपस्थिति में अंबेडकर सर्कल पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवियों और प्रतिभाओं का अभिनंदन किया गया।

राजसमंद के अंबेडकर सर्कल पर आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता कर्मियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित, जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल व अन्य पदाधिकारी।
राजसमंद जिला मुख्यालय स्थित अम्बेडकर सर्कल पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, राजसमंद द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि यह गौरवमयी कार्यक्रम भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित एवं भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के शुभारंभ पर अतिथियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं द्वारा डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
स्वच्छता कर्मियों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का अभिनंदन
पुष्पांजलि के पश्चात कार्यक्रम में समाज के प्रति विशेष योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों, वरिष्ठ जनों एवं मेधावी विद्यार्थियों को इकलाई व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि "डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को एक सशक्त संविधान देकर समाज के हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का कार्य किया।" उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान को समाज के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया।
समरसता और संघर्ष का प्रतीक है बाबा साहेब का जीवन
जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि "डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और समानता का प्रतीक है।" उन्होंने आह्वान किया कि हमें उनके विचारों को आत्मसात कर समाज में समरसता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। पालीवाल ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक के मन मे डॉ अम्बेडकर साहब के प्रति सम्मान है और ऐसे आयोजन समाज के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम हैं जो युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करते हैं।
पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति एवं आत्मीय स्वागत
भव्य कार्यक्रम से पूर्व भाजपा प्रदेश मंत्री नारायण पुरोहित के राजसमंद आगमन पर भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन रजनीकांत साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन नगर अध्यक्ष दिनेश कुमावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर भानु पालीवाल, मान सिंह बारहठ, दिनेश पालीवाल, प्रवेश सालवी, हीरालाल रेगर, बंशीलाल सालवी, माधव लाल चौधरी, सविता सनाढ्य, महेंद्र सिंह चौहान, खुशकमल कुमावत, वर्धिनी पुरोहित, नगर अध्यक्ष दिनेश कुमावत, उत्तम खींची, जगदीश रेगर, नारायण रेगर, राकेश खटीक, लक्ष्मण मौर्य सहित सविता सनाढ्य, ज्योति छापरवाल, वर्द्धनी पुरोहित, सफलता गुर्जर, सोना सिंह, पूजा बंग, टीना पालीवाल, मोनिका जोशी, प्रेम हाड़ा एवं भाजपा के अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
