राजसमंद: राजनगर पुलिस ने किया बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 20 वारदातें कबूली
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साइबर टीम की मदद से 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर की गई कार्रवाई।

राजसमंद में मोटरसाइकिल चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर लगाम कसते हुए राजनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक शातिर वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस विशेष कार्रवाई में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने जिले में करीब 20 बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने का जुर्म कबूल किया है।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक एवं वृत्ताधिकारी नेत्रपाल सिंह के मार्गदर्शन में अमल में लाई गई। पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को राजनगर क्षेत्र के मंडा पुराने हॉस्पिटल के पीछे से झीलमिली, दौसा निवासी परिवादी वीरेंद्र कुमार मीणा की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस मामले में थाना राजनगर में प्रकरण संख्या 101/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने नारायण लाल बैरवा एवं अयुब मोहम्मद मसूरी को हिरासत में लेकर जब गहन पूछताछ की, तो उन्होंने बाइक चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जगी है।

