भीम में NH-58 पर पलटा ट्रेलर, आग लगने से मची अफरा-तफरी; चालक की मौत, खलासी गंभीर
राजसमंद के भीम में मलयाथड़ी के पास NH-58 पर अनियंत्रित ट्रेलर पलटने के बाद आग लग गई। केबिन में फंसे चालक और खलासी को जेसीबी से बाहर निकाला गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल ब्यावर रेफर किया गया।

राजसमंद के भीम हाईवे पर ट्रेलर में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी और बचाव कार्य करती पुलिस दिख रही है।
राजसमंद जिले के भीम उपखंड में मलयाथड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर सोमवार को एक सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। राजसमंद से भीम की ओर आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रेलर में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राकेश वर्मा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एएसआई बद्रीलाल और हेड कांस्टेबल कमल मीणा भी मौजूद रहे। घटनास्थल पर दमकल और एंबुलेंस को भी बुलाया गया।
हादसे के दौरान चालक और खलासी ट्रेलर के केबिन में फंस गए थे। दोनों को बाहर निकालने के लिए थानेटा सरपंच मोहन सिंह, प्रशासन और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी चालक चैन सिंह ने केबिन तोड़ा और घायलों को बाहर निकाला।
इसके बाद दोनों को तत्काल भीम चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ब्यावर रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान भागचंद पुत्र सांवर लाल निवासी रामपुरा के रूप में हुई है, जबकि घायल की पहचान सुरेश पुत्र रामकरण निवासी मकरेडा, मांगलियावास, ब्यावर के रूप में बताई जा रही है।
उधर, दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेलर में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर यातायात सुचारू करवाया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से क्षेत्र में घटना की सूचना के बाद अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
