राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र अंतर्गत टोगी ग्राम पंचायत के सड़क का बाड़िया, टीबाणा गांव में एक दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक कुएं में डूबने से सात वर्षीय मासूम बालक की दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क का बाड़िया निवासी मनोहर (7) पुत्र नोसरसिंह रावत एक अन्य बालिका के साथ गांव के पास ही स्थित एक पेड़ से आम तोड़ने के लिए गया था। इसी दौरान, पानी पीने के लिए कुएं के पास जाते समय बालक का अचानक पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे कुएं में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों की सहायता से बच्चे को कुएं से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए भीम के उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत बच्चे को मृत घोषित कर दिया। टोगी के प्रशासक नारायणसिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना पर भीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story