राजसमंद। जिले के आमेट सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सेलागुड़ा मार्ग स्थित आसण पुलिया के पास हुए इस हादसे में एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को जोरदार चपेट में ले लिया। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के पांच सदस्य बाइक पर सवार होकर देवगढ़ से आमेट की ओर आ रहे थे। तभी आसण पुलिया के निकट अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। यह दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। हादसे में परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए राजसमंद रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही आमेट सदर थाना पुलिस त्वरित रूप से मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के उपरांत एक शव ट्रेलर के टायर के नीचे फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पैदा कर दी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story