राजसमंद जिले के उपखंड मुख्यालय आमेट स्थित मुख्य राजकीय पन्नाधाय बस स्टैंड पर निर्माणाधीन यात्री प्रतीक्षालय का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही प्रतीक्षालय की बदहाली और अधूरे निर्माण ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मुख्य बस स्टैंड पर सर्दी, गर्मी और बरसात से बचाव के लिए लाखों रुपये की लागत से बनाया गया पुराना यात्री प्रतीक्षालय जर्जर अवस्था में पहुंच गया था। नगरवासियों की मांग पर नगरपालिका आमेट ने पुराने प्रतीक्षालय को ध्वस्त कर उसके स्थान पर नया यात्री प्रतीक्षालय बनाने का कार्य शुरू कराया। हालांकि निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका है। कहीं निर्माण अधूरा पड़ा है तो कहीं टीनशेड और बैठने की व्यवस्था क्षतिग्रस्त अवस्था में है। इसके चलते यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बैठकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है।

सूत्रों के अनुसार नगरपालिका ने ठेकेदार के माध्यम से करीब 20 लाख रुपये की लागत से सुविधायुक्त नए यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण करीब एक वर्ष पूर्व शुरू कराया था। पुराने प्रतीक्षालय को हटाने के बाद नए निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ, लेकिन अब तक यह परियोजना अपूर्ण बनी हुई है।

वर्तमान स्थिति यह है कि प्रतीक्षालय की छत तक का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। सर्दी और गर्मी के बाद अब बरसात का दौर शुरू हो चुका है। ऐसे में यात्रियों को बारिश में भीगते हुए बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। नगर के इस मुख्य बस स्टैंड से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों का आवागमन होता है, लेकिन उनके लिए मौसम से बचाव की समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगरवासियों द्वारा बस स्टैंड के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग किए जाने के बावजूद नगरपालिका प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहीं नगरपालिका सूत्रों ने बताया कि निर्माणाधीन प्रतीक्षालय के निकट विद्युत विभाग का एक खंभा मौजूद है। इसे हटाने के लिए पालिका प्रशासन ने संबंधित चार्ज के रूप में डेढ़ लाख रुपये विद्युत विभाग में जमा करा दिए हैं। विभाग द्वारा खंभा हटाते ही अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करवा दिया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story