प्रधानमंत्री Narendra Modi और Bhajanlal Sharma के ईंधन बचत आह्वान को धरातल पर उतारते हुए राजसमंद जिला प्रशासन ने शनिवार को सामूहिक यात्रा की अनूठी पहल कर मिसाल पेश की। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के नेतृत्व में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग सरकारी वाहनों के बजाय एक ही बस में सवार होकर ग्राम चारभुजा-गढ़बोर पहुंचे, जहां ग्राम विकास रथ अभियान के अंतर्गत आयोजित संध्या चौपाल में सहभागिता कर ग्रामीणों से संवाद किया।

शनिवार शाम कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुई इस बस में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, एसपी हेमंत कलाल, उप वन संरक्षक आर.एन. भाकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की यह सामूहिक यात्रा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सादगी, सामूहिकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर सामने आई।

आमतौर पर अलग-अलग सरकारी वाहनों से यात्रा करने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को एक ही बस में एक साथ रवाना होते देख कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए। यह दृश्य आमजन के बीच चर्चा और आकर्षण का केंद्र बन गया। लोगों ने प्रशासन की इस पहल को प्रधानमंत्री के ईंधन बचत संदेश को व्यवहारिक रूप से लागू करने वाला प्रेरणादायक कदम बताया।

बस रवाना होने के दौरान मौजूद लोगों ने कहा कि यदि प्रशासन स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करे तो समाज में सकारात्मक संदेश तेजी से पहुंचता है। अधिकारियों की यह सामूहिक यात्रा केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं रही, बल्कि जिम्मेदार नागरिक व्यवहार, पर्यावरण संरक्षण और साझा परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने का भी संदेश देती नजर आई। लोगों ने कहा कि छोटी दूरी अथवा सामूहिक कार्यक्रमों में साझा परिवहन अपनाने से ईंधन की बचत के साथ प्रदूषण में भी कमी लाई जा सकती है।

जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने कहा कि छोटी-छोटी सामूहिक पहलें भी ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। प्रशासन की यह पहल आमजन को यह संदेश देने का प्रयास है कि आवश्यकतानुसार सामूहिक परिवहन का उपयोग कर ईंधन बचत और प्रदूषण नियंत्रण दोनों लक्ष्यों को हासिल किया जा सकता है।

चारभुजा-गढ़बोर में आयोजित ग्राम विकास रथ अभियान की संध्या चौपाल में अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

राजसमंद प्रशासन की इस पहल ने आमजन के बीच सकारात्मक संदेश छोड़ते हुए यह साबित किया कि प्रशासनिक स्तर पर अपनाए गए छोटे लेकिन प्रभावी कदम भी ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story