राजसमंद में राजस्थान-मध्यप्रदेश केसरी कुश्ती दंगल: 40x40 का अखाड़ा तैयार
श्री बालकृष्ण स्टेडियम में 24-25 मई को होने वाली इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करेंगे।

राजसमंद। केसरीनंदन सेवा समिति, कांकरोली के तत्वावधान में आगामी 24 एवं 25 मई को श्री बालकृष्ण स्टेडियम के खेल प्रांगण में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित 'राजस्थान-मध्यप्रदेश केसरी' कुश्ती दंगल की समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह गरिमामय आयोजन स्व. मुरली उस्ताद (कांकरोली), स्व. रविन्द्र गुर्जर 'अप्पु' (नाथद्वारा) एवं स्व. तिलक सिंह चौधरी (कांकरोली) की पावन स्मृति को समर्पित है। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहलवानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु समिति द्वारा 40 गुणा 40 फुट का एक विशालकाय मिट्टी का अखाड़ा तैयार किया गया है, जहाँ यह प्रतियोगिता पूर्णतः इंडियन स्टाइल में आयोजित होगी।
केसरीनंदन सेवा समिति के पहलवान शिवा जाट ने बताया कि दंगल को ऐतिहासिक बनाने के लिए समिति के सदस्य निरंतर कार्यरत हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन स्थल को भव्य रूप देते हुए स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए हैं, वहीं शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर विशाल होर्डिंग्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया गया है। प्रतियोगिता के संयोजक धर्मेंद्र अनोखा ने जानकारी दी कि पहलवानों के वजन तोलने की प्रक्रिया 24 मई 2026 को प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संपन्न होगी। नियमानुसार पहलवानों को वजन में 1 किलोग्राम की रियायत प्रदान की जाएगी, जिसके उपरांत सांय 5:00 बजे से कुश्ती का विधिवत आगाज होगा।
मीडिया प्रभारी गोविंद औदिच्य के अनुसार, इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष दीपक गुर्जर, सुरेश चरनाल, ओम कलोसिया, मानवेंद्र सिंह चौधरी, संजय बोल्या, कैलाश सनाढ्य, शंकर पालीवाल, शंकर सचदेव, दीपेश टुकलिया, भानु उस्ताद, बृजेश गुर्जर, शौकत पहलवान, नाना पहलवान, शंकर पहलवान और दीपक टेलर सहित पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है। यह कुश्ती दंगल न केवल स्थानीय खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि राजस्थान और मध्यप्रदेश के खेल संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा।

