आमेट()(),नगर के भीलवाड़ा रोड स्थित रामद्वारा मोड़ पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बिजली के एक खंभे में अचानक करंट प्रवाहित होने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही, जबकि यातायात लगभग दो घंटे तक प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, भीलवाड़ा रोड पर रामद्वारा के पास एक दुकान के निकट विद्युत लाइन का खंभा लगा हुआ है। सोमवार को अचानक उक्त खंभे में करंट प्रवाहित होने लगा। इसी दौरान गलवा निवासी सोहनलाल पुत्र पोखरमल बलाई (55) अस्पताल रोड की ओर पैदल जा रहे थे। ट्रैफिक जाम के कारण वे खंभे के पास खड़े हो गए, तभी अचानक उनका हाथ खंभे से छू गया और वे करंट की चपेट में आकर खंभे से चिपक गए।

मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें धक्का देकर खंभे से अलग किया। घटना की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दी गई, जिसके बाद विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद घायल सोहनलाल को एंबुलेंस की सहायता से उप जिला चिकित्सालय आमेट पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए और भीलवाड़ा रोड पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा को लेकर प्रशासन पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन गंभीर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जाम की स्थिति में कई बार भारी वाहन बिजली के खंभों से टकरा जाते हैं, जिससे तारों के आपस में टकराने और टूटने की स्थिति में करंट प्रवाहित हो जाता है। पूर्व में भी इस खंभे में कई बार करंट आने की घटनाएं हो चुकी हैं और लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।

विद्युत विभाग के सहायक अभियंता उमेश कुमार दुबे ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई गई और तकनीकी खराबी को दुरुस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि रामद्वारा मोड़ पर भारी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण कई बार वाहन बिजली के पोल से टकरा जाते हैं, जिससे तार टूटने और करंट प्रवाहित होने की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि पोल शिफ्ट करने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है, हालांकि बड़े वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होने के बाद व्यवस्था में सुधार संभव है।

यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में विद्युत सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की गंभीर खामियों को उजागर करती है, जिससे आमजन की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story