ओलावृष्टि के साथ हुई 50 मिनट की बारिश के कारण मोखमपुरा कट पर नाले ओवरफ्लो होने से कई कारें पानी में डूबीं।

क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट लेते हुए जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सुबह से आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवा के बीच दोपहर में बूंदाबांदी शुरू हुई, जो देखते ही देखते ओलावृष्टि में बदल गई।

अचानक हुई इस बारिश और ओलों के कारण बाजारों और सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग खुद को बचाने के लिए दुकानों, छायादार स्थानों और घरों की ओर भागते नजर आए, वहीं खेतों में काम कर रहे किसान भी सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। जानकारी के अनुसार करीब 50 मिनट तक हल्की बारिश और ओलावृष्टि का दौर लगातार जारी रहा।

इसी दौरान मोखमपुरा कट पर हाईवे नालों की साफ-सफाई नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे हाईवे पर आधे घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा। कई कारें पानी में डूब गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एकाएक हुई इस बरसात से मौसम सुहावना हो गया और दिनभर की भीषण गर्मी व उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि, ओलावृष्टि और जलभराव की घटनाओं ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करते हुए अचानक मौसम परिवर्तन के प्रभाव को उजागर कर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story