रेलमगरा के महेन्दूरिया गांव में प्रशासन ने वर्षों पुराने अतिक्रमण पर कार्रवाई करते हुए विद्यालय और चारागाह की पाँच बीघा भूमि को मुक्त कराया। अब यहां खेल मैदान, बाउंड्री वॉल और हरियाली के जरिए विद्यालय विकास का नया अध्याय शुरू होगा।

रेलमगरा। वर्षों से अतिक्रमण की जकड़ में फंसी विद्यालय भूमि पर आखिरकार प्रशासन का पीला पंजा चला और इसके साथ ही बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण रास्ता खुल गया। रेलमगरा उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत महेन्दूरिया स्थित बंजारों का खेड़ा में राजकीय प्राथमिक विद्यालय को आवंटित भूमि से प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर उसे मुक्त करा दिया।

जिला कलेक्टर अरुण कुमार हंसीजा एवं उपखंड अधिकारी बिंदु बाला राजावत के निर्देशन में गुरुवार को राजस्व, पंचायत एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया। विद्यालय एवं चारागाह भूमि पर लंबे समय से किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय को आवंटित भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण परिसर विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी। कई स्तरों पर शिकायतें और मांगें उठने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भूमि को मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने लगभग 40 ट्रिप पत्थर जब्त किए तथा अतिक्रमणकारियों द्वारा की गई बाड़बंदी को प्रशासन की मौजूदगी में हटाकर ध्वस्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को विद्यालय विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

विद्यालय प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का उपयोग अब संस्थान के समग्र विकास के लिए किया जाएगा। सबसे पहले परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बाउंड्री वॉल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके बाद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान विकसित किया जाएगा, जिससे खेल गतिविधियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके।

विद्यालय परिसर को पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से व्यापक वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। मुक्त कराई गई भूमि पर छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर परिसर को हरित, स्वच्छ और आकर्षक स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी वृक्षारोपण और संरक्षण में सहयोग का आश्वासन दिया है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कालू सिंह राणावत, विकास अधिकारी मामराज मीणा, राजस्व निरीक्षक बंसीलाल तेली, पटवारी प्रवीण कुमार खटीक, ग्राम विकास अधिकारी किशोर कुमार, हीरालाल सालवी, जाब्ता प्रभारी एएसआई शंभूलाल, नाथद्वारा थाना के एएसआई अर्जुन सिंह, पीईईओ महेन्दूरिया भगवानलाल सुखवाल तथा संस्था प्रधान मुकेश कुमार सुखवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मौके पर तहसीलदार कालू सिंह राणावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर भविष्य में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पुनः अतिक्रमण का प्रयास किए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालय के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। स्थानीय लोगों का मानना है कि खेल मैदान, सुरक्षा दीवार और हरियाली से सुसज्जित होने के बाद विद्यालय का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story