आमेट। शौर्य और अनुशासन की धरती राजस्थान के जांबाज रोवर-रेंजर्स ने छत्तीसगढ़ की धरा पर अपनी सफलता की ऐसी इबारत लिखी है, जिसने पूरे प्रदेश सहित राजसमंद जिले के आमेट का नाम राष्ट्रीय पटल पर स्वर्ण अक्षरों में अंकित कर दिया है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 9 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक आयोजित हुई 'प्रथम राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी' में आमेट स्थानीय संघ के दल ने अपनी ऐतिहासिक भागीदारी निभाते हुए न केवल विभिन्न प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया, बल्कि राजस्थान को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में निर्णायक भूमिका अदा की।

इस गौरवशाली अभियान में स्थानीय संघ आमेट के राजकीय मॉडल स्कूल से रोवर देवराज देशांतरी और शौर्य प्रताप सिंह भाटी, जबकि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईडाना से राव कृपाल सिंह परिहार, रतन कौर और विजय सिंह राव ने प्रतिनिधित्व किया। दलनायक देवीलाल गुर्जर (दौवड़ा) के कुशल नेतृत्व में इन युवाओं ने जंबूरी के दौरान आयोजित कलर पार्टी और मार्च पास्ट जैसी कठिन स्पर्धाओं में अपने अद्भुत अनुशासन और कौशल का प्रदर्शन किया। जंबूरी में देशभर से आए संभागियों के बीच कुल 19 विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिनमें से राजस्थान ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 14 प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान का ध्वज फहराया, जिसमें आमेट के इन होनहारों का विशेष योगदान रहा।

अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद, ये सभी विजेता 15 जनवरी 2026 की शाम निजी विमान से पन्नाधाय बस स्टेशन पहुंचे, जहां उनके स्वागत में जनसैलाब उमड़ पड़ा। स्थानीय संघ आमेट द्वारा आयोजित इस भव्य स्वागत समारोह में मॉडल स्कूल के प्रिंसिपल नीलेश कुमार खटीक, महावीर प्रसाद बगेरवाल, जिला सहायक प्रभारी कमिश्नर गणपतलाल चौधरी और राहुल कुमावत उपस्थित रहे। साथ ही सपराव का गुडा के प्रधानाध्यापक जगपाल सिंह भाटी, मनभर कंवर भाटी, ललिता जोशी, लव्यांश जेन, धैर्य माहेश्वरी, और हिमांशु ने भी विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।

स्थानीय संघ के सचिव गिरिराज डाकोत ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इन युवाओं की घर वापसी किसी उत्सव से कम नहीं थी। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच सभी पदाधिकारियों ने विजेताओं को ऊपरना पहनाकर उनका अभिनंदन किया। यह क्षण केवल एक प्रतियोगिता की जीत का नहीं, बल्कि आमेट के युवाओं की मेहनत और राष्ट्रीय स्तर पर मिली उनकी नई पहचान का प्रतीक बन गया है।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story