PM श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट के सभागार में पीएम श्री विद्यालय की गतिविधियों के अंतर्गत “छोटी चिड़िया ऊंची उड़ान” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय एक्सपर्ट वार्ता का आयोजन प्रधानाचार्य प्रकाश चन्द्र प्रजापत की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लावा सरदारगढ़ निवासी एवं हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के सेवानिवृत्त सीईओ अखिलेश जोशी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी सोच हमेशा सकारात्मक रखनी चाहिए, क्योंकि नकारात्मक सोच के परिणाम अच्छे नहीं होते। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन प्राणायाम और मेडिटेशन करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे मानसिक मजबूती बनी रहती है तथा अध्ययन के दौरान स्मरण शक्ति का विकास होता है।

अखिलेश जोशी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने उच्च प्राथमिक स्तर तक की शिक्षा अपने पैतृक गांव लावा सरदारगढ़ में प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कक्षा नौ में आमेट के राजकीय हायर सेकंडरी स्कूल में प्रवेश लिया, जहां वे छात्रावास में रहकर अध्ययन करते थे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार दो-तीन साथियों के साथ पैदल लावा सरदारगढ़ जाया करते थे। आगे की पढ़ाई पूरी कर उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज से माइनिंग क्षेत्र में डिग्री हासिल की और हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड में सीईओ बनने तक के अपने सफर से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाते हुए विद्यार्थियों को वैज्ञानिक प्रौद्योगिकी की जानकारी भी दी।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अनेक प्रश्न पूछे, जिनका अखिलेश जोशी ने सरलता से उत्तर दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रकाश चन्द्र प्रजापत, उप प्राचार्य बाबूलाल सालवी, एसडीएमसी सदस्य रमन कंसारा, अरुण कुमार मिश्रा, राधेश्याम खटीक, प्राध्यापक जगदीश चन्द्र शर्मा, राखी आर्य तथा शिक्षक मुकेश वैष्णव ने हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के सेवानिवृत्त सीईओ अखिलेश जोशी का तिलक, इकलाई और साफा पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जोशी परिवार सरदारगढ़ की ओर से आरएसएमएम से सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर लोकेश जोशी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजेन्द्र शर्मा तथा घोसुंडी के प्रधानाचार्य अविनाश जोशी का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अखिलेश जोशी ने अपने भाई के नाम से संचालित गोपाल जोशी मेमोरियल, लावा सरदारगढ़ की ओर से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट में संचालित कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा की पांचों फैकल्टी, कक्षा 10 बोर्ड, कक्षा 8 बोर्ड तथा कक्षा 5 बोर्ड में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने विज्ञान संकाय के टॉपर विद्यार्थी को नीट कोचिंग करने पर 25 प्रतिशत राशि की स्कॉलरशिप प्रदान करने की भी घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने अपनी लिखित पुस्तक “माइनिंग और मेरा जीवन” की 11 प्रतियां विद्यालय को भेंट कीं।

कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक राखी आर्य ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक रेखा जीनगर, नीलम शर्मा, लक्ष्मण लाल गुर्जर, चंचल विश्नोई, राजकुमारी मीणा, भैरुलाल जीनगर, रुपसिंह फागणा, मुकेश वैष्णव, रौनक मेवाड़ा, कुलदीप सिंह सोलंकी, बालकृष्ण आमेटा, शक्ति सिंह चौहान सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। प्रेरक संवाद, छात्र हित में की गई घोषणाओं और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Updated On
Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story