राज्य वित्त आयोग बैठक में पसुन्द सरपंच अयन जोशी को विशेष आमंत्रण
शासन सचिवालय जयपुर में आयोजित होने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में पंचायती राज संस्थाओं के वित्तीय और कार्यात्मक सुदृढ़ीकरण पर मंथन किया जाएगा।

राजस्थान राज्य वित्त आयोग की आगामी बैठक के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किए गए निर्मल ग्राम पंचायत पसुन्द के सरपंच अयन जोशी।
जयपुर में आयोजित होने जा रही राजस्थान राज्य वित्त आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में ग्राम पंचायत पसुन्द के सरपंच अयन जोशी को विशेष आमंत्रण दिया गया है। यह बैठक 16 जून 2026 को शासन सचिवालय, जयपुर में आयोजित की जाएगी, जिसमें पंचायत राज संस्थाओं के वित्तीय एवं कार्यात्मक सुदृढ़ीकरण से जुड़े विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
राजस्थान राज्य वित्त आयोग के सदस्य सचिव द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सरपंच अयन जोशी को उनके ग्रामीण विकास, पंचायत प्रशासन तथा जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए इस बैठक में आमंत्रित किया गया है। बताया गया है कि केलवा क्षेत्र अंतर्गत निर्मल ग्राम पंचायत पसुन्द में उनके नेतृत्व में विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य किए गए हैं, जिनकी पहचान राज्य स्तर तक बन चुकी है।
इस बैठक में पंचायत राज संस्थाओं की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़, प्रभावी और जनहितकारी बनाने से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। ऐसे में अयन जोशी की सहभागिता और उनके अनुभवों को नीति निर्माण प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रामीण स्तर पर किए गए नवाचारों और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल को भी इस मंच पर चर्चा में शामिल किए जाने की संभावना है।
क्षेत्रीय स्तर पर इस आमंत्रण को महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सहभागिता न केवल सरपंच अयन जोशी के कार्यों की मान्यता है, बल्कि सम्पूर्ण निर्मल ग्राम पंचायत पसुन्द के विकास प्रयासों की भी एक बड़ी पहचान है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
