अंटालिया पंचायत में पैंथर का खौफ: एक ही रात में चार बछड़ों का किया शिकार, ग्रामीण दहशत में
अंटालिया पंचायत में पैंथर के बढ़ते आतंक से ग्रामीण खौफ में हैं। शनिवार रात पैंथर ने चार बछड़ों का शिकार किया, जिससे बच्चों और पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्या वन विभाग लगा पाएगा पिंजरा? पढ़ें पूरी खबर।

तस्वीर में अंटालिया गांव के पास झाड़ियों के किनारे पड़ा एक मृत बछड़ा दिख रहा है।
केलवा क्षेत्र की अंटालिया ग्राम पंचायत में पैंथर की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। शनिवार देर रात पैंथर ने गांव के अलग-अलग हिस्सों में धावा बोलकर चार गायों के बछड़ों को अपना निवाला बना लिया। एक ही रात में हुई इस सिलसिलेवार घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पैंथर लगातार क्षेत्र में मूवमेंट कर रहा है, जिसके चलते लोगों का शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पैंथर रात के अंधेरे में आबादी वाले इलाकों के काफी करीब तक पहुंच रहा है और पशुओं को अपना निशाना बना रहा है। इस घटना के बाद से सुबह खेतों और चरागाहों की ओर जाने वाले किसान तथा शाम को लौटने वाले ग्रामीण अब अत्यधिक सतर्कता बरत रहे हैं। पैंथर की बढ़ती आवाजाही ने परिवारों की चिंता को गहरा कर दिया है, विशेषकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक अधिक आशंकित हैं। स्थिति यह है कि लोगों ने अब बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजना बंद कर दिया है और सुबह-शाम टहलने व खेतों में अकेले जाने से भी परहेज कर रहे हैं। पशुपालक भी डर के साये में रात के समय अपने मवेशियों की विशेष निगरानी करने को मजबूर हैं। भयभीत ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभाव से पिंजरा लगाकर पैंथर को पकड़ने की मांग की है ताकि क्षेत्र में सामान्य जनजीवन बहाल हो सके।

Bharat Kumar Rajak, Rajsamand
नाम: भरत कुमार रजक
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: केलवा (राजसमंद, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): शिक्षा, सोशल एक्टिविटी (सामाजिक गतिविधियां) और एजुकेशन
अनुभव: 12 वर्ष
परिचय
भरत कुमार रजक 'प्रातः काल' समाचार पत्र में संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र केलवा है। वह नियमित रूप से शिक्षा (एजुकेशन), शैक्षणिक व्यवस्थाओं, स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक गतिविधियों (सोशल एक्टिविटी) से जुड़े विषयों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
भरत कुमार रजक को मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में 12 वर्षों का लंबा अनुभव है। पिछले एक दशक से अधिक समय से वह क्षेत्र की खबरों और जनहित के मुद्दों को लगातार कवर कर रहे हैं।
