पड़ासली नाकोड़ा धाम प्रतिष्ठा महोत्सव में भव्य वरघोड़ा आयोजित
आचार्य पद्मभूषणरत्न सूरीश्वर की निश्रा में निकला भव्य वरघोड़ा, हजारों श्रद्धालुओं ने पार्श्वनाथ झांकी के साथ किया नगर भ्रमण।

केलवा के समीप पड़ासली स्थित नाकोड़ा धाम महातीर्थ में प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान आयोजित वरघोड़े में उपस्थित साधु-संत और श्रद्धालु।
केलवा क्षेत्र के समीपवर्ती पड़ासली पंचायत की अरावली की सुरम्य वादियों में विकसित हो रहे भव्य नाकोड़ा धाम महातीर्थ में आयोजित प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत निकले भव्य वरघोड़े ने पूरे क्षेत्र को धार्मिक आस्था और उत्साह से सराबोर कर दिया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजित इस शोभायात्रा ने वातावरण को जयकारों से गूंजायमान बना दिया।
प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का नाकोड़ा धाम में आगमन शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर वरघोड़ा धूमधाम से निकाला गया, जिसमें भगवान पार्श्वनाथ की आकर्षक झांकी सजाई गई। शोभायात्रा में सुसज्जित रथ, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया, जिससे श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
वरघोड़े में साधु-संतों का सानिध्य भी प्राप्त हुआ। परम पूज्य आचार्य पद्मभूषणरत्न सूरीश्वर आदि ठाणा की पावन निश्रा एवं पंन्यास ऋषभरत्नविजय सहित साधु-साध्वी वृंद की मंगलमयी उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए पूरे मार्ग में आगे बढ़ते रहे। महिलाओं एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया।
इसी क्रम में नाकोड़ा पार्श्व पूजन का भव्य आयोजन भी श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। नाकोड़ा धाम सेवा संस्थान के अध्यक्ष निरंजन जैन एवं सचिव मनोज जैन ने बताया कि प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत बुधवार को प्रवचन, पूजन, अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह भव्य वरघोड़ा नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः मंदिर परिसर पहुंचा, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन किया गया। आयोजन ने नाकोड़ा धाम महातीर्थ की धार्मिक महत्ता को और अधिक सुदृढ़ करते हुए क्षेत्र में आस्था और एकता का प्रभावशाली संदेश प्रसारित किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
