निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान ने प्रदेश में संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में विभिन्न संभागों के संयोजकों की नियुक्ति की घोषणा की है। प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने बताया कि नियुक्त किए गए सभी संभाग संयोजक आगामी व्यवस्था तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

घोषित संभाग संयोजकों में जयपुर ग्रामीण से श्री जगदीश बांगड़वा, जयपुर से डॉ. मुकेश कुमार शर्मा, जोधपुर ग्रामीण से श्री शेर सिंह राठौर, जोधपुर से श्री विजयपाल सिंह सिरोही, बीकानेर से श्री अरुण गोदारा, अजमेर से श्री हनुमान सिंह रावत, कोटा से श्री हरिश तिवारी, भरतपुर से श्री बंटी शर्मा, उदयपुर से श्री नारायण लाल डांगी तथा टी.एस.पी. क्षेत्र से श्री तरुण त्रिवेदी को जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश संयोजक लाल सिंह झाला ने बताया कि निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान जल्द ही अपनी प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी की घोषणा करेगी। प्रदेश कार्यकारिणी में 100 से अधिक, जिला कार्यकारिणी में 50 से अधिक तथा ब्लॉक कार्यकारिणी में 30 से अधिक पदों पर सक्रिय एवं समर्पित विद्यालय संचालकों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

झाला ने प्रदेश के सभी सक्रिय निजी विद्यालय संचालकों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे निजी विद्यालयों के हितों की लड़ाई को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि 8 अगस्त 2026 को राज्य सरकार के साथ हुई वार्ता में समिति ने निजी विद्यालयों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। वार्ता में स्कूलों में बार-बार होने वाली जांच की व्यवस्था के स्थान पर वर्ष में एक बार जांच करवाने सहित विद्यालय संचालन में आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई थी।

समिति ने प्री-प्राइमरी कक्षाओं के आरटीई भुगतान तथा अब तक के समस्त लंबित आरटीई बकाया भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया था। इस पर सरकार द्वारा शीघ्र भुगतान के संबंध में आश्वस्त किया गया था।

इसके अलावा समिति ने पांचवीं बोर्ड शुल्क, खेल शुल्क तथा निजी विद्यालयों एवं उनके विद्यार्थियों के साथ हो रहे भेदभाव का मुद्दा भी सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा था।

लाल सिंह झाला ने कहा कि निजी विद्यालय संघर्ष समिति राजस्थान प्रदेश के निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों एवं हितों की रक्षा तथा विद्यालय संचालकों की आवाज को सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगी।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

Mubarik Ajnabi, Rajsamand

नाम: मुबारिक-अजनबी

वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)

कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)

अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव

परिचय एवं कार्यक्षेत्र 

मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

बीट (मुख्य विषय)

  • विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।

Next Story