नवनियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के लिए स्वागत समारोह आयोजित
सामुदायिक स्वास्थ्य संगठन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है।

एक निजी होटल में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान नवनियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को संबोधित करते संगठन के जिलाध्यक्ष विपुल शर्मा और अन्य पदाधिकारी।
सामुदायिक स्वास्थ्य संगठन द्वारा एक निजी होटल में नव नियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया, जहां उत्साह और गरिमा के साथ स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देने का संदेश दिया गया।
समारोह में सभी नवनियुक्त अधिकारियों का माल्यार्पण कर, कुमकुम तिलक लगाकर तथा मुंह मीठा कर बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का वातावरण उत्सवमय रहा और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष विपुल शर्मा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सीएचओ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत अब ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ की तैनाती से पीएचसी, सीएचसी, उपजिला अस्पताल और जिला अस्पतालों में ओपीडी का दबाव कम हुआ है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिला है।
नव पदस्थ सीएचओ के आगमन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा दूर-दराज के गांवों में बैठे लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
इस दौरान संगठन के जिला संरक्षक डॉ. सी.पी. पटेल, जिला महासचिव सुनील गवारिया, हेमराज मीणा, जिला मंत्री शौकीन रेगर, ब्लॉक अध्यक्ष राकेश पानिया, सुनीता धाकड़, चिरंजीव रेगर, पूर्णिमा पलाडिया सहित सैकड़ों सीएचओ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रईस मंसूरी ने किया।
यह आयोजन न केवल नव नियुक्त अधिकारियों के स्वागत का अवसर बना, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भी उभरा, जिससे भविष्य में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच और गुणवत्ता में स्पष्ट सुधार की उम्मीद जताई गई।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
