हल्दीघाटी में चार राज्यों की एनसीसी छात्रा कैडेट्स ने निकाली एकता पदयात्रा
ऑल इंडिया गर्ल्स ट्रेक कैंप के तहत रक्त तलाई से महाराणा प्रताप स्मारक बलिचा तक 6 किमी पैदल मार्च और मानव श्रृंखला के जरिए दिया राष्ट्रीय अखंडता का संदेश।

एनसीसी की छात्रा कैडेट्स हल्दीघाटी के पहाड़ी रास्ते पर ऑल इंडिया गर्ल्स ट्रेक कैंप के तहत पैदल चल रही हैं।
हल्दीघाटी की ऐतिहासिक रणभूमि रक्त तलाई पर मंगलवार को राष्ट्रीय एकता का संदेश गूंजा। महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और नई दिल्ली से आईं एनसीसी की सैकड़ों छात्रा कैडेट्स ने मानव श्रृंखला बनाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान रक्त तलाई से चेतक समाधि होते हुए महाराणा प्रताप स्मारक बलिचा तक निकाले गए पैदल मार्च में महाराणा प्रताप के जयकारों से पूरी हल्दीघाटी गुंजायमान हो उठी।
भारतीय रक्षा सेना की दूसरी पंक्ति और राष्ट्र निर्माण की सशक्त वाहक राष्ट्रीय कैडेट कोर की 10 राज बटालियन एनसीसी उदयपुर के तत्वावधान में सेंट मीरा उन्नति डिग्री कॉलेज, नाथद्वारा में ऑल इंडिया गर्ल्स ट्रेक हल्दीघाटी कैंप आयोजित किया जा रहा है। कैंप के तीसरे दिन मंगलवार को आयोजित यह गतिविधि मेवाड़ की ऐतिहासिक वीरता और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जुड़ी रही।
महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और नई दिल्ली डायरेक्टरेट से पहुंचीं सैकड़ों छात्रा कैडेट्स ने सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध रणभूमि रक्त तलाई पहुंचकर उन अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके रक्त से इस धरती का कण-कण सिंचित हुआ है। इस दौरान हल्दीघाटी पर्यटन समिति के संस्थापक एवं पूर्व सीनियर अंडर ऑफिसर कमल किशोर पालीवाल ने कैडेट्स को हल्दीघाटी युद्ध की भौगोलिक संरचना, सामरिक व्यूह-रचना और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार संकरी घाटी, ऊंची पहाड़ियों और चेतक की टापों ने इतिहास की दिशा बदल दी थी।
इसके बाद मूल युद्ध स्थल रक्त तलाई, खमनोर से चेतक समाधि होते हुए महाराणा प्रताप स्मारक बलिचा तक लगभग 6 किलोमीटर का पैदल मार्च शुरू हुआ। इस दौरान कैडेट्स ने मुगल पड़ाव शाहीबाग और ऐतिहासिक प्राकृतिक दर्रे का अवलोकन किया। मार्च के दौरान उनके मुख से निकले “जय महाराणा प्रताप की.. जय शिवा सरदार की...” के जयकारों से समूची हल्दीघाटी गूंज उठी।
पैदल मार्च के दौरान कैडेट्स ने रक्त तलाई में मानव श्रृंखला बनाकर भाषाई, प्रांतीय और वेशभूषा की विविधता के बावजूद राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। उन्होंने संदेश दिया कि भाषा, प्रांत और वेशभूषा भिन्न हो सकती है, लेकिन राष्ट्र एक है और उसकी एकता ही सबसे बड़ी शक्ति है।
हल्दीघाटी भ्रमण के दौरान छात्रा कैडेट्स ने महाराणा प्रताप म्यूजियम में प्रदर्शित कृत्रिम प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मेवाड़ की समृद्ध संस्कृति, कला और परंपराओं की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण पूरा होने के बाद सभी कैडेट्स सकुशल कॉलेज परिसर पहुंचीं।
इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर ए.के. खंगारोत, लेफ्टिनेंट कर्नल राकेश्वर जसवाल, एएनओ हरिओमसिंह, सूबेदार मेजर महेंद्रसिंह सहित अन्य सैन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। चार प्रांतों से आई एनसीसी छात्राओं की इस ऐतिहासिक यात्रा ने हल्दीघाटी की रणभूमि पर राष्ट्रीय एकता, वीरता और बलिदान के संदेश को एक साथ प्रस्तुत किया।

Vinod Paliwal, Rajsamand
नाम: विनोद पालीवाल
वर्तमान पद: संवाददाता (खमनोर, नाथद्वारा), अध्यक्ष (हल्दीघाटी प्रेस क्लब)
कार्यक्षेत्र: खमनोर , हल्दीघाटी, तहसील खमनोर, जिला राजसमंद (राजस्थान)
बीट : राजनीति, स्वास्थ्य, और प्रशासन
विशेष कवरेज: जन समस्याएं, सरकारी योजनाएं, और भ्रष्टाचार से जुड़ी प्रशासनिक जांच
परिचय
विनोद पालीवाल राजस्थान के राजसमंद जिले के अंतर्गत आने वाले खमनोर और नाथद्वारा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, साथ ही वह हल्दीघाटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं। विनोद पालीवाल मुख्य रूप से क्षेत्र की राजनीति, स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक गतिविधियों को कवर करते हैं। स्थानीय जन समस्याओं को उठाना, सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत दिखाना और प्रशासनिक स्तर पर भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग करना उनकी कार्यशैली का मुख्य हिस्सा है।
पत्रकारिता का अनुभव
विनोद पालीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का एक लंबा और व्यापक अनुभव है। वह सन 2000 से लगातार नियमित रूप से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर क्षेत्र में रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- कला स्नातक (B.A.)
- कला स्नातकोत्तर - लोक प्रशासन (M.A. in Public Administration / लोक प्रशासन)
