नाथद्वारा विधानसभा को ₹12 करोड़ की सौगात, 23 सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा बेहतर संपर्क
नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में करीब ₹12 करोड़ की लागत से 23 सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुए हैं। जानिए किन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ और विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने क्या कहा।

तस्वीर में नाथद्वारा विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ नजर आ रहे हैं।
नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र को राज्य सरकार की ओर से बजट घोषणा वर्ष 2026-27 की अनुपालना में करीब ₹12 करोड़ की लागत से 23 सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिली है। स्वीकृत कार्यों में 8 मिसिंग लिंक सड़कें और 15 नॉन-पेवेबल सड़कें शामिल हैं।
इन सड़क निर्माण कार्यों का लाभ नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों नाथद्वारा, खमनोर, कोठारिया, देलवाड़ा और रेलमंगरा के ग्रामीणों को मिलेगा। लंबे समय से लंबित सड़क संपर्क और जर्जर मार्गों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
नाथद्वारा विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने इस स्वीकृति पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन सड़कों के निर्माण से किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी बल मिलेगा।
विधायक श्री विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि नाथद्वारा विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखते हुए अधिकाधिक विकास कार्यों की स्वीकृति सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन सड़क निर्माण कार्यों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और विकास को नई गति मिलेगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
