नाथद्वारा शहर की ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण, पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण को लेकर नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने गुरुवार को विभिन्न प्राचीन जल संरचनाओं का निरीक्षण कर उनकी वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणगौर बाग बंडला बावड़ी, जांगिड़ समाज बावड़ी नई हवेली तथा नई हवेली स्कूल के सामने स्थित बावड़ी का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों एवं नगर पालिका प्रशासन को तत्काल साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि नाथद्वारा अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ प्राचीन बावड़ियों और पारंपरिक जल संरचनाओं के लिए भी विशेष रूप से जाना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी नाथद्वारा की वास्तविक पहचान और उसकी गौरवशाली विरासत से जुड़ सकें।

उन्होंने नगर पालिका प्रशासन को बावड़ियों के संरक्षण, जीर्णोद्धार और पुनर्जीवन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि बावड़ियों का पुनर्जीवन जल उपलब्धता और जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। साथ ही इससे नाथद्वारा की पारंपरिक एवं प्राचीन सांस्कृतिक पहचान को पुनः स्थापित करने में भी सहायता मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर पालिका अधिकारी एवं क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे। ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण को लेकर शुरू हुई यह पहल नाथद्वारा की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जल संरचनाओं के पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story