श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर करीब 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के जेवरात चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-हीरे के जेवरात, चोरी किया गया बैग और 7 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने वारदात का खुलासा कर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक तथा प्रशिक्षु आरपीएस अंकुर विजय के सुपरविजन में थानाधिकारी विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 28 जून 2026 को उज्जैन निवासी गोविंद खंडेलवाल ने श्रीनाथजी मंदिर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपनी पत्नी, बेटी और दामाद के साथ श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन के लिए नाथद्वारा आए थे। दर्शन के बाद होटल लौटते समय उनकी पत्नी का लाखों रुपये के जेवरों से भरा पर्स टेंपो में ही रह गया। बाद में टेंपो चालक से संपर्क कर पूछताछ की गई तो उसने पर्स होने से इनकार कर दिया।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान संदिग्ध टेंपो चालक धर्मेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया बैग, करीब 50 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-हीरे के जेवरात तथा 7 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल ओमप्रकाश (102) की विशेष भूमिका रही। महज 24 घंटे में वारदात का खुलासा कर चोरी की गई संपत्ति बरामद करना श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Rahul Acharya, Rajsamand

Rahul Acharya, Rajsamand

नाम: राहुल आचार्य

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें

परिचय 

राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story