नाथद्वारा के नई हवेली चौक स्थित राम दरबार मंदिर में प्रतिमाएं स्थापित करने के बाद उन्हें हटाए जाने के घटनाक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। राम मंदिर निर्माण समिति और वार्डवासियों में आक्रोश है। स्थानीय निवासियों और समिति प्रतिनिधियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के नाम तहसीलदार वीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है।

प्राप्त विवरण के अनुसार, नई हवेली चौक स्थित राम दरबार मंदिर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और आगामी नवरात्रि में प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। ज्ञापन के अनुसार, गत 9 अगस्त को दोपहर के समय नाथद्वारा नगर भाजपा पदाधिकारियों द्वारा मंदिर में प्रतिमाएं स्थापित की गईं। आरोप है कि उसी रात ताला खोलकर ग्लाइंडर मशीन की सहायता से प्रतिमाओं को उनके स्थान से हटा दिया गया। रात में आवाज सुनकर जब वार्डवासी मौके पर पहुंचे तो संबंधित लोग वहां से चले गए।

मंदिर समिति और वार्डवासियों ने ज्ञापन में दावा किया है कि इस घटनाक्रम में स्थानीय भाजपा पदाधिकारी कुलदीप कनेरिया, प्रदीप काबरा, कपिल उपाध्याय, सुधीर उपाध्याय, विकास पालीवाल एवं अन्य शामिल हैं। समिति का कहना है कि बिना धार्मिक सहमति और तय प्रक्रिया के इस प्रकार प्रतिमाएं हटाने से स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि, इन आरोपों पर नामजद पक्षों या संगठन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी शेष है।

प्रतिनिधियों के अनुसार, घटना को लेकर श्रीनाथजी मंदिर थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। इसी को लेकर एसडीएम के नाम तहसीलदार वीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई गई है।

ज्ञापन की प्रतियां संभागीय आयुक्त उदयपुर, जिला कलेक्टर राजसमंद एवं पुलिस अधीक्षक राजसमंद को भी प्रेषित की गई हैं। ज्ञापन में प्रशासन से समय रहते स्थिति को स्पष्ट करने और पारदर्शी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। साथ ही कहा गया है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो सर्व समाज द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

ज्ञापन सौंपते समय मनीष राठी, देवकीनंदन गुर्जर, आदित्य प्रताप सिंह चौहान, श्याम लाल गुर्जर, महेंद्र सिंह गौरवा, गौरी चौधरी, प्रतिभा सनाढ्य, दिनेश एम जोशी, कैलाश तवर, युवराज सिंह चौधरी, पीयूष त्रिपाठी, केसर सिंह गौड सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे। मंदिर में प्रतिमाओं की स्थापना और उसके बाद उन्हें हटाए जाने को लेकर उठे सवालों के बीच अब समिति और वार्डवासियों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story