नाथद्वारा में श्रीनाथजी मंदिर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमन्त कलाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक तथा वृत्ताधिकारी नाथद्वारा शिप्रा राजावत के सुपरविजन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई थी।

मामले की शुरुआत 8 जुलाई 2026 को दर्ज रिपोर्ट से हुई। परिवादी बलराम मीणा ने पुलिस को बताया कि वह और उसका मित्र सियाराम मीणा अपनी दो मोटरसाइकिलें नाथद्वारा स्थित अरिहंत प्लाजा में खड़ी कर बस से झालावाड़ चले गए थे। वापस लौटने पर दोनों मोटरसाइकिलें मौके से गायब मिलीं। इस पर श्रीनाथजी मंदिर थाने में प्रकरण संख्या 125/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस टीम ने संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान 19 अगस्त 2026 को संदिग्ध नरेश उर्फ मुन्ना गमेती, उम्र 20 वर्ष, निवासी डिंगेला, थाना नाथद्वारा, जिला राजसमंद को डिटेन कर पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग स्थानों से कुल 9 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद कीं और उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया।

अब पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि उसने और कितनी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है तथा चोरी के वाहन कहां-कहां और किन लोगों को बेचे गए। मामले में आगे की जांच जारी है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story