“मैं बहुत परेशान हूं…” — सागर मराठा और राकेश सोनी पर मानसिक दबाव का आरोप, नाथद्वारा फ्लैट में जोधपुर के ज्वैलरी व्यापारी का शव
जोधपुर निवासी दिनेश टांक का शव नाथद्वारा के फ्लैट में मिला; मौत से पहले भेजे वीडियो में सागर मराठा और राकेश सोनी पर मानसिक दबाव के आरोप

राजसमन्द नाथद्वारा। नगर के बस स्टैंड स्थित बोहरा पेट्रोल पंप के पास एक कॉम्पलेक्स में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जोधपुर निवासी दिनेश पुत्र गोविंद टांक के रूप में हुई है। घटना से पहले बनाए गए एक वीडियो में दिनेश ने सागर मराठा और राकेश सोनी पर मानसिक दबाव डालने का आरोप लगाया है और पुलिस चौकी में जबरन झूठी लिखापढ़ी करवाने की बात कही है, जिससे जोधपुर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
श्रीनाथजी थाना अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि दिनेश तीन दिन पहले नाथद्वारा आया था। वह यहां व्यापारियों को उधार दी गई चांदी और रुपए लेने आया था। जानकारी के अनुसार उसे नाथद्वारा बस स्टैंड क्षेत्र निवासी विजय पुत्र जगदीश सोनी से करीब 6 किलो चांदी लेनी थी। विजय सोनी ने उसे 10 तारीख को चांदी देने की बात कही, जिस पर दिनेश उसके फ्लैट पर ही ठहर गया।
पुलिस के अनुसार दिनेश जोधपुर से चांदी लाकर नाथद्वारा, कपासन और फतहनगर के कारीगरों को देता था और उनसे चांदी के आभूषण बनवाता था। इसी सिलसिले में वह व्यापारियों से उधार दी गई चांदी और रुपए लेने नाथद्वारा पहुंचा था।
घटना से पहले रात करीब डेढ़ बजे दिनेश ने अपने मोबाइल से एक वीडियो बनाकर अपने साले को व्हाट्सएप पर भेजा। वीडियो में उसने बताया कि सागर मराठा और राकेश सोनी उसे पुलिस चौकी ले गए, जहां उससे जबरन झूठी लिखापढ़ी करवाई गई और उसके साथ मानसिक प्रताड़ना की गई। वीडियो में दिनेश ने कहा कि वह बहुत परेशान है और अब उसे अपना शरीर छोड़ना पड़ेगा।
हालांकि उसके साले ने यह वीडियो सुबह करीब 7 बजे देखा। इसके बाद वह तुरंत नाथद्वारा पहुंचा। सोमवार सुबह जब फ्लैट मालिक विजय सोनी फ्लैट पर पहुंचा तो वहां दिनेश का शव पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया।
देर शाम तक परिजनों द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस फिलहाल प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानते हुए जांच में जुटी है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
वहीं मृतक व्यापारी के वीडियो ने पुलिस को भी सत्य के दायरे में खड़ा कर दिया है, क्योंकि वीडियो में उसने बताया कि उसे जबर्दस्ती उठा कर लाया गया और पुलिस चौकी में लिखापढ़ी करवाई गई। ऐसे में सामने आए वीडियो के आधार पर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि कहीं व्यापारी को पुलिस के दबाव में प्रताड़ित तो नहीं किया गया। अब पूरे घटनाक्रम की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Rahul Acharya, Rajsamand
नाम: राहुल आचार्य
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: राजसमंद (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, क्राइम (अपराध) और बेसिक जनरल खबरें
परिचय
राहुल आचार्य राजसमंद क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, पुलिस कार्रवाई, अपराध और क्षेत्र से जुड़ी सभी बुनियादी सामान्य खबरों (बेसिक जनरल न्यूज) की नियमित ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
राहुल आचार्य को मीडिया क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव है। वह इंडिया न्यूज़ (India News) चैनल के साथ 1 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वर्तमान में 'प्रातःकाल' के साथ जुड़कर राजसमंद क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।
