मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में नई कार्यकारिणी का चयन किया गया और प्रवासी भक्तों को जोड़ने के लिए समानांतर समिति बनाने का प्रस्ताव पारित हुआ।

श्री नंगाजी बावजी मंदिर प्रांगण में श्री ओरावाला भेरूजी बावजी श्री नंगाजी बावजी विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मंदिर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की शुरुआत में विकास समिति के कोषाध्यक्ष महेंद्र मांडोत ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर विकास समिति की नियमित मासिक बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि योजनाओं की सतत समीक्षा और क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। साथ ही समिति के मुंबई और अन्य राज्यों में निवासरत या कार्यरत भक्तों की समानांतर कार्यकारिणी गठित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिससे आपसी और नियमित संपर्क स्थापित किया जा सके।

मंदिर के लिए आगामी समय में भव्य योजनाएं तैयार कर उन्हें धरातल पर उतारने पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में विकास समिति का पुनर्गठन करते हुए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। संरक्षक के रूप में रूपलालजी भोपाजी और भंवर जी भोपाजी को जिम्मेदारी सौंपी गई। विकास समिति अध्यक्ष पद पर जमनालाल माली, सह कार्यवाहक अध्यक्ष अशोक मांडोत, उपाध्यक्ष के रूप में सुरेश कागरेचा, शांतिलाल मांडोत, वरदीचंद लोहार और रामचंद्र पालीवाल को नियुक्त किया गया।

कोषाध्यक्ष महेंद्र मांडोत तथा सह कोषाध्यक्ष चुन्नीलाल लोहार को दायित्व सौंपा गया। मंत्री पद पर विनोद पालीवाल और घनश्याम माली, सचिव के रूप में संजय मांडोत तथा सहसचिव कमलेश कागरेचा का चयन किया गया। सूचना मंत्री की जिम्मेदारी दिलीपजी गायरी को दी गई।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यकारिणी की बैठक प्रतिमाह अंतिम शनिवार को शाम 4:30 बजे सेवा होने के बाद आयोजित की जाएगी। यह निर्णय मंदिर के सुव्यवस्थित विकास, पारदर्शिता और भक्तों की सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story