श्री नाकोड़ा धाम पड़ासली में सात दिवसीय भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू
आयोजन में 20 हजार श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

केलवा के समीप श्री नाकोड़ा धाम पड़ासली में आयोजित प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए तैयार किए गए विशाल डोम और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाएं।
केलवा। क्षेत्र के समीपवर्ती श्री नाकोड़ा धाम पड़ासली में गुरुवार से सात दिवसीय भव्य प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हो गया है, जो 23 अप्रैल से 29 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु बैठने, भोजन, पानी, पार्किंग एवं सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजन समिति के अनुसार करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना जताई गई है।
मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के लिए दो विशाल डोम तैयार किए गए हैं, जहां हजारों लोग एक साथ धार्मिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेंगे। महोत्सव के दौरान जैन संत-महात्माओं के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, प्रवचन एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर भव्यातिभव्य चित्रकला स्पर्धा 2026 का आयोजन भी किया जा रहा है, जो पूज्य आचार्य भगवंतों एवं साध्वी मंडल के सानिध्य में संपन्न होगी। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को श्री पार्श्वनाथ भगवान एवं उनके जीवन प्रसंगों पर आधारित चित्र बनाने होंगे। इसमें जलरंग, तैलरंग, स्केच एवं डिजिटल आर्ट माध्यम मान्य रहेंगे तथा A3 या A4 साइज अनिवार्य रखा गया है। प्रतियोगिता में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹5100, द्वितीय ₹3100 एवं तृतीय ₹2100 के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, वहीं पांच प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अस्थायी आवास एवं भोजनशाला में प्रसादी की व्यवस्था की गई है। साथ ही प्राथमिक उपचार केंद्र भी स्थापित किया गया है।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है, जो क्षेत्र में आस्था, संस्कृति और सहभागिता का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
