केलवा अरावली की सुरम्य धरा पर निर्मित हो रहे भव्य तीर्थ नाकोड़ा धाम सेवा संस्थान, पड़ासली महातीर्थ में अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत परमात्मा के च्यवन कल्याण का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन परम पूज्य आचार्य भगवंत पद्मभूषणरत्नसूरीश्वर महाराजा आदि ठाणा की पावन निश्रा में तथा पंन्यास प्रवर श्री ऋषभरत्नविजय जी महाराज आदि साधु-साध्वीवृंद की मंगलमयी उपस्थिति में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत परमात्मा की माता को रात्रि में चौदह मंगलमय स्वप्न आने का दिव्य प्रसंग अत्यंत भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। माता द्वारा देखे गए इन चौदह स्वप्नों में हाथी, बैल, सिंह, लक्ष्मी, पुष्पमाला, चंद्रमा, सूर्य, ध्वजा, कलश, कमल सरोवर, समुद्र, रत्नमंडित सिंहासन, दिव्य विमान तथा अग्नि जैसे शुभ संकेतों का दर्शन कराया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर उठा।

इसके पश्चात राज ज्योतिषाचार्य राजसभा में उपस्थित हुए और माता द्वारा देखे गए चौदह स्वप्नों का शुभ फलादेश प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि माता के गर्भ से एक महान, तेजस्वी एवं जगत का कल्याण करने वाले परमात्मा का अवतरण होने वाला है, जो धर्म की प्रभावना कर समस्त जीवों का उद्धार करेंगे। इस मंगल सूचना के साथ ही उपस्थित जनसमूह में अपार हर्ष एवं श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया।

इस अवसर पर संपूर्ण परिसर भक्तिमय स्तुतियों, मंगल गीतों एवं जयघोषों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम की रूपरेखा को अत्यंत भावपूर्ण ढंग से संगीत सम्राट नरेंद्र भाई द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिनके मधुर स्वर एवं प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

श्री नाकोड़ा धाम सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री निरंजन जैन एवं सचिव श्री मनोज जैन ने जानकारी दी कि अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत दिनांक 25 अप्रैल 2026 को परमात्मा का जन्म कल्याणक महोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन क्षेत्र में धर्म, आस्था और सांस्कृतिक चेतना के व्यापक प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story