मीपवर्ती पड़ासली पंचायत स्थित अरावली की सुरम्य वादियों में विकसित हो रहे भव्य नाकोड़ा धाम महातीर्थ में अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत नाकोड़ा पार्श्व पूजन का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। आयोजन परम पूज्य आचार्य पद्मभूषणरत्नसूरीश्वर महाराज आदि ठाणा की पावन निश्रा एवं पंन्यास ऋषभरत्नविजय सहित साधु-साध्वीवृंद की मंगलमयी उपस्थिति में हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।




कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक प्रसंगों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से माता द्वारा देखे गए चौदह शुभ स्वप्नों का जीवंत चित्रण किया गया, जिसमें हाथी, बैल, सिंह, लक्ष्मी, पुष्पमाला, चंद्रमा, सूर्य, ध्वजा, कलश, कमल सरोवर, समुद्र, रत्नजटित सिंहासन, दिव्य विमान और अग्नि जैसे प्रतीकों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। इन स्वप्नों के माध्यम से धर्म, शक्ति और समृद्धि के दिव्य संकेतों का वर्णन करते हुए पूरे वातावरण को आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया गया।

इसके पश्चात राज ज्योतिषाचार्य द्वारा राजसभा का दृश्य प्रस्तुत करते हुए चौदह स्वप्नों का शुभ फलादेश किया गया। उन्होंने बताया कि माता के गर्भ से एक ऐसे महान, तेजस्वी और लोककल्याणकारी परमात्मा का अवतरण होगा, जो धर्म की प्रभावना कर समस्त जीवों का उद्धार करेंगे। यह मंगल संदेश सुनते ही श्रद्धालुओं में अपार हर्ष और श्रद्धा का संचार हुआ तथा पूरा पांडाल जयघोषों से गूंज उठा।

पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय स्तुतियां, मंगल गीत और धार्मिक जयकारों ने वातावरण को दिव्यता से भर दिया। कार्यक्रम की संगीतमय प्रस्तुति संगीत सम्राट नरेंद्र वाणीगोता एवं उनकी टीम द्वारा दी गई, जिनके मधुर स्वरों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं प्रभु के पाठशाला गमन प्रसंग पर बच्चों द्वारा दी गई शानदार प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

नाकोड़ा धाम सेवा संस्थान के अध्यक्ष निरंजन जैन एवं सचिव मनोज जैन ने बताया कि अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नाकोड़ा पार्श्व पूजन का आयोजन विशेष श्रद्धा के साथ किया गया, जिसमें क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया। आयोजन के सफल संचालन में संस्थान के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। पूरे कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का सशक्त संदेश भी दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story