मुमुक्षु बाबूलाल बाफना के संयम पथ पर बढ़े कदम, आमेट में मंगल भावना कार्यक्रम आयोजित
आमेट के तेरापंथ सभा भवन में मुमुक्षु बाबूलाल बाफना के संयम पथ पर अग्रसर होने के उपलक्ष्य में मंगल भावना कार्यक्रम हुआ। उपासिकाओं और श्रद्धालुओं ने गीतिका व संभाषण से मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

तस्वीर में आमेट के तेरापंथ सभा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुमुक्षु बाबूलाल बाफना का स्वागत एवं अभिनंदन किया जा रहा है।
आमेट स्थित तेरापंथ सभा भवन में मुमुक्षु बाबूलाल बाफना के संयम पथ पर अग्रसर होने के उपलक्ष्य में मंगल भावना कार्यक्रम श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित किया गया। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी की आज्ञा से पधारीं उपासिका शांताबाई जैन एवं उपासिका चंचल देवी कोठारी की गरिमामय उपस्थिति में हुए कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने मुमुक्षु बाबूलाल बाफना के संयममय जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की चेतना डांगी, अनीता छाजेड़ एवं मीना पामेचा द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद उपासिका शांताबाई जैन एवं चंचल देवी कोठारी ने मुमुक्षु बाबूलाल बाफना का अभिनंदन करते हुए संयम के मार्ग पर उनके दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने गीतिका के माध्यम से मंगल भावना व्यक्त करते हुए कहा कि संयम का मार्ग आत्मकल्याण और आध्यात्मिक उन्नति का श्रेष्ठ पथ है। मुमुक्षु का यह निर्णय समाज के लिए प्रेरणादायी है।
मुमुक्षु बाबूलाल बाफना ने अपने जीवन को संयम, साधना एवं आत्मशुद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संयम पथ का चयन आत्मा के कल्याण और जीवन को सार्थक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में वक्ता यशवंत कुमार चौरड़िया, महेंद्र बोहरा, प्रवीण ओस्तवाल, ललित डांगी, पवन कच्छारा, गौरांश डांगी एवं सुधा मेहता ने गीतिका एवं संभाषण के माध्यम से मुमुक्षु बाबूलाल बाफना के प्रति मंगल भावना व्यक्त की। प्रेमलता देवी बाफना सहित उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर तेरापंथ सभा संस्था पदाधिकारियों ने मुमुक्षु बाबूलाल बाफना का मेवाड़ी पगड़ी एवं शॉल द्वारा स्वागत-अभिनंदन किया। वहीं महिला मंडल पदाधिकारियों ने तपस्वी प्रेमलता देवी बाफना को साहित्य भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन उपाध्यक्ष मनोहर लाल पितलिया ने किया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुमुक्षु बाबूलाल बाफना के संयममय जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके आध्यात्मिक पथ पर निरंतर प्रगति की कामना की। कार्यक्रम की जानकारी जेटिऐन प्रतिनिधि पवन कच्छारा ने दी।

Mubarik Ajnabi, Rajsamand
नाम: मुबारिक-अजनबी
वर्तमान पद: प्रतिनिधि (प्रातःकाल, आमेट)
कार्यक्षेत्र: आमेट, जिला राजसमन्द (राजस्थान)
अनुभव: 25 वर्षों से पत्रकारिता का अनुभव
परिचय एवं कार्यक्षेत्र
मुबारिक-अजनबी राजस्थान के राजसमन्द जिले के आमेट तहसील क्षेत्र के अनुभवी पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातःकाल' के प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं। वह आमेट तहसील और उसके आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
बीट (मुख्य विषय)
- विशेष कवरेज: आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।
- नियमित कवरेज: स्थानीय राजनीति, प्रशासन, कानून-व्यवस्था, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
एम.ए. (M.A.) - कला स्नातकोत्तर की डिग्री।
