विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस: राजसमन्द में रेड डॉट चैलेंज अभियान
कॅरियर संस्थान द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन किट बांटे गए और यूथ आइकॉन भावना पालीवाल ने रूढ़िवादिता तोड़ने का आह्वान किया।

राजसमन्द में विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूथ आइकॉन भावना पालीवाल, संस्थान की शिक्षिकाओं और बालिकाओं के साथ 'रेड डॉट चैलेंज' अभियान के तहत हाथों पर लाल बिंदी बनाकर एकजुटता प्रदर्शित करतीं।
विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर कॅरियर संस्थान राजसमन्द द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और समाज में व्याप्त रूढ़िवादिता को दूर करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली झिझक और चुप्पी को तोड़ने के लिए ‘रेड डॉट चैलेंज’ अभियान चलाया गया, जिसमें महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में यूथ आइकॉन ऑफ राजस्थान भावना पालीवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और युवतियों ने अपने हाथों पर लाल रंग की बिंदी बनाकर मासिक धर्म को सामान्य जैविक प्रक्रिया के रूप में स्वीकार करने और इस विषय पर खुलकर बात करने का संकल्प लिया। युवतियों ने कहा कि पहले पीरियड्स पर बात करने में डर और संकोच महसूस होता था, लेकिन हाथ पर रेड डॉट बनाकर यह एहसास हुआ कि यह शर्म नहीं, बल्कि उनकी शक्ति है।
यूथ आइकॉन भावना पालीवाल ने कहा कि आधुनिक दौर में भी मासिक धर्म को लेकर समाज में कई भ्रांतियां और रूढ़िवादी सोच मौजूद हैं। जब तक महिलाएं अपनी सेहत और स्वच्छता को लेकर जागरूक नहीं होंगी और इस विषय पर खुलकर बात नहीं करेंगी, तब तक समाज की सोच में बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को झिझक की बेड़ियां तोड़कर आगे आना होगा।
उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं से अपील की कि पीरियड्स के दौरान पारंपरिक और असुरक्षित तरीकों को छोड़कर आधुनिक और सुरक्षित सैनिटरी पैड्स तथा अन्य स्वच्छ माध्यमों का उपयोग करें, ताकि गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को ऐसा सुरक्षित मंच उपलब्ध कराना था, जहां वे बिना किसी संकोच के अपनी सेहत से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा कर सकें।
संस्थान की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बालिकाओं को नि:शुल्क सैनिटरी नैपकिन किट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में महिला अधिकारिता से साथिन तारा शर्मा, टीना टांक, किरण सोनी, नेहा हाडा, सविता नाथ, कोमल सुथार, खुशी सुथार, कविता रेगर, कंचन रेगर, रीना रेगर, सुमित्रा, नेहा चंदेल, पूजा रावत, कंचन, स्नेहा सालवी, नंदिनी गहलोत, खुशी, जानवी चौहान, पूजा गुर्जर, भगवती कुमारी, दुर्गा कुमारी, मोनिका रावल, खुशी रावल और वर्षा गुर्जर सहित कई युवतियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम ने मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ महिलाओं और युवतियों में आत्मविश्वास जगाने का संदेश दिया। ‘रेड डॉट चैलेंज’ के माध्यम से समाज में पीरियड्स को लेकर फैली चुप्पी तोड़ने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनने का आह्वान किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
